शिक्षा विभाग ने गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय सारणी में किया बदलाव

गुवाहाटी, 27 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के चलते आज से राज्य के स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किया गया है। राज्य के शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार स्कूल खुलने का समय सुबह 7.30 बजे निर्धारित किया गया है। हालांकि, ग्रामीण इलाकों के कुछ स्कूलों में सरकारी निर्देश का पालन होते नहीं देखा गया। जबकि, शहरी इलाकों में स्थिति बेहतर नजर आई। कुछ स्कूलों सुबह 9 बजे तक स्कूलों में शिक्षक नहीं पहुंच सके। वहीं, दूसरी ओर आज से सुबह 7.30 बजे से स्कूल खुलने की समय सूची जारी होने के बावजूद विद्यार्थी भी स्कूलों में नहीं पहुंचे।

हर स्कूल में पढ़ाई सुबह 7.30 बजे से शुरू होगी। प्री-प्राइमरी स्कूलें सुबह 7.30 बजे से 12.30 बजे तक चलेंगी। मिडिल प्राइमरी स्कूल सुबह 7.30 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक और हाई और हायर सेकंडरी स्कूल 7.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चलेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग के इस निर्देश की जानकारी अधिकांश स्कूलों के विद्यार्थियों को नहीं थी, जिसके चलते नई समय सारणी के तहत विद्यार्थी स्कूलों में नहीं पहुंच सके। विद्यार्थियों का कहना था कि स्कूल की ओर से उन्हें सही जानकारी नहीं मिली थी, जिसके चलते आज ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई।

हालांकि, राज्य में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही भीषण गर्मी के चलते कई जिलों के जिलाधिकारी पहले ही स्कूलों की समय सारणी में बदलाव करने की सूचना जारी की थी। बाद में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी स्कूलों की समय सारणी में बदलाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किया। बदले हुई समय सारणी के पहले दिन कुछ स्कूलों में जरूर गफलती हुई, लेकिन माना जा रहा है कि कल से पूरे राज्य में इसका पालन होने लगेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर