अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के बावजूद सामान्य से अधिक रहेगा तापमान

कानपुर,27 मई (हि.स.)। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार है, किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ.एस.एन.सुनील पांडेय ने बताया कि सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि सापेक्षिक आर्द्रता की बात की जाए तो अधिकतम 48 प्रतिशत रहा और न्यूनतम 19 प्रतिशत दर्ज किया गया। हवा की औसत गति 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवा की दिशा दक्षिण पूर्व थी।

देश भर में मौसम प्रणाली

कृषि मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 26 मई को मानसून दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण-पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ा है। तटीय बांग्लादेश और आसपास के तटीय पश्चिम बंगाल पर एक गंभीर चक्रवात रेमल पिछले 6 घंटे के दौरान 15 किमी प्रति घंटे की गति के साथ लगभग उत्तर की ओर बढ़ गया है और एक चक्रवात में कमजोर हो गया है।

डॉ.पांडेय ने बताया कि सोमवार सुबह 05:30 बजे देशांतर 89.3-डिग्री पूर्व, और 22.5 उत्तर अक्षांश के करीब पहुंच गया है। सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर पूर्व, खेपु पारा (बांग्लादेश) से 110 किलोमीटर उत्तर पश्चिम, कैनिंग (पश्चिम बंगाल) से 70 किलोमीटर उत्तर पूर्व। यह मौसम प्रणाली शुरू में उत्तर-पूर्व की ओर और उसके बाद उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ सकती है और आगे कमजोर हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ निचली क्षोभ मंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में अपनी धुरी के साथ समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर है, जो अब मोटे तौर पर 74 डिग्री पूर्व देशांतर और 34 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में चल रहा है। उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वोत्तर असम पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिण पूर्व राजस्थान पर है।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/मोहित

   

सम्बंधित खबर