यूपी के 1.63 लाख बूथों पर स्थापना दिवस मनाएगी भाजपा

--पार्टी के बड़े नेता बूथों पर जाकर करेंगे कार्यक्रम

--घर-घर सम्पर्क कर लगवायेंगे भाजपा का झंडा, मोदी जी के लिए वोट की करेंगे अपील

लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी 1.63 लाख बूथों पर अपना स्थापना दिवस समारोह मनाएगी। गुरुवार को हुई वर्चुअल बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने स्थापना दिवस कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली। बैठक में पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, ज़िला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारी और संयोजक तथा स्थापना दिवस समारोह के ज़िला संयोजक उपस्थित रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि इस बार स्थापना दिवस कार्यक्रम आम चुनाव के बीच में मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से भी हमें आम जनता के बीच जाकर फिर से मोदी जी की सरकार बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में वोट की अपील करनी है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल ने कहा कि स्थापना दिवस का कार्यक्रम सभी बूथों पर मनाया जाना है। पार्टी के पदाधिकारी भी अपने बूथों पर रहकर स्थापना दिवस कार्यक्रम मनायेंगे। इसके बाद बूथों पर घर-घर सम्पर्क अभियान चलाना है। पदयात्रा निकालकर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करनी है। लोगों से आग्रह कर उनके घरों पर पार्टी का झंडा लगवाना है। मोदी सरकार की उपलब्धियों और भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान की अपील से सम्बंधित हैंडबिल भी बाँटने हैं।

कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि सभी बूथों पर कार्यक्रम की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। बूथों पर बूथ समिति, पन्ना प्रमुख, स्थानीय कार्यकर्ता और बूथों पर निवास करने वाले प्रदेश, क्षेत्र, ज़िला एवं मण्डल के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/विद्याकांत

   

सम्बंधित खबर