लोकसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए आए मिजोरम सशस्त्र बल के सात जवान धतूरे का पत्ता खाने से बेहोश

बलिया, 28 मई (हि. स.)। लोकसभा चुनाव में ड्यूटी के लिए उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के हल्दी थाना क्षेत्र में आए मिजोरम सैप पुलिस के सात जवानों की हालात धतूरे का पत्ता खाने से बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। घटना के तत्काल बाद सभी बेहोश जवानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिजोरम सशस्त्र पुलिस सैप की बी कंपनी के जवान लोकसभा चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए 26 मई को बलिया पहुंचे थे। सभी जवानों को हल्दी थाना क्षेत्र के वाईबीएन पब्लिक स्कूल में ठहराया गया है। मंगलवार की सुबह कुछ जवानों ने अलग से भोजन में चिकन की सब्जी में धतूरे का पत्ता मिलाकर पकाया था।

धतूरे का पत्ता मिला चिकन खाने के बाद सात जवानों की हालत बिगड़ने लगी। यह देख साथी जवानों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सक मुख्तार यादव ने बताया कि कुल सात जवानों को मटन के साथ धतूरे का पत्ता खाने की वजह से हाय ग्रेटेड फीवर और बेचैनी की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया है। इलाज चल रहा है। अभी जवानों की हालत पहले से बेहतर है।

मिजोरम की सैप पुलिस के सब इंस्पेक्टर प्रदीप के बर्मन ने बताया कि कुछ जवानों ने अलग से चिकन की सब्जी बनाई थी। वहीं, जिला अस्पताल में मौजूद हेड कांस्टेबल मोवा ने बताया कि गलतफहमी में जवानों ने धतूरे का पत्ता सब्जी में मिला दिया था, क्योंकि ऐसे ही पौधे का पत्ता मिजोरम में सब्जी में मिलाया जाता है। जो लोग बीमार हुए है उनमें लाल बैकसंगा, लाल मिंगमविया, राम फंग्जॉवा, जोशरग्लू, रिमाविया, रोसियमलिंगा, और लाल छन्हिमा शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर