मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हुईं परिस्थितियां : मौसम वैज्ञानिक

कानपुर, 28 मई (हि.स.)। मानसून आमतौर पर एक जून को केरल पहुंचता है, लेकिन अबकी बार मानसून आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। अगले तीन दिनों में केरल तट पर पहुंचने की उम्मीद है। दक्षिण पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर क्षेत्र से आगे बढ़ना शुरु कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि केरल में मानसून इस माह के अंत में पहुंचने की संभावना हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि केरल में प्री-मानसून बारिश शुरू हो गई है। बंगाल की खाड़ी, पूर्वोत्तर भारत और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। केरल में मानसून पहुंचने के बाद अगले 8-10 दिन में मानसून मुंबई पहुंच सकता है, जबकि आमतौर पर मुंबई में मानसून 8-10 जून तक ही पहुंचता है और इस बार भी ऐसा ही लग रहा है। इसके अलावा उत्तर भारत में मानसून पहुंचने में अभी समय लगेगा।

डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि 15 जून तक गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में मॉनसून प्रवेश कर सकता है। 20 जून तक यह गुजरात और मध्य प्रदेश के आंतरिक इलाकों में दस्तक दे सकता है। इसके उत्तर भारत तक पहुंचने में करीब 30 दिन लग सकते हैं और संभावना है कि कानपुर समेत मध्य उत्तर प्रदेश में 22 से 25 जून के बीच मानसून पहुंचेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर