दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच किसी भी वाहन को खींचने या भार ढोने के लिए जानवरों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध

जम्मू, 29 मई (हि.स.)। जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट ने जम्मू में जारी भीषण गर्मी व बढ़ते तापमान का हवाला देते हुए दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच किसी भी वाहन को खींचने या कोई भी भार ढोने के लिए जानवरों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे जानवरों को चोट लगने या उनकी मृत्यु होने का खतरा है।

जम्मू के जिला मजिस्ट्रेट सचिन कुमार वैश्य की ओर से एक आधिकारिक नोटिस में कहा गया है कि ऐसे मामले हैं जहाँ कुछ लोग दिन के समय (दोपहर 12 बजे से 03ः00 बजे के बीच की अवधि) उच्च तापमान (37 डिग्री सेल्सियस से अधिक) के बीच भार ढोने के लिए भैंस, बैल, टट्टू, खच्चर, गधे और ऊँट सहित अन्य जानवरों का उपयोग कर रहे हैं जिसके परिणामस्वरूप ऐसी परिस्थितियाँ बन रही हैं जिनमें जानवरों को चोट लगने की संभावना है और यहाँ तक कि उनकी मृत्यु भी हो सकती है।

नोटिस में कहा गया है कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और भार वहन करने वाले तथा पैक पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण नियम 1965 पशु कल्याण विधानों के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले अपराधियों के खिलाफ निवारक उपाय करने तथा कठोर कार्रवाई करने के लिए कानूनी ढांचा प्रदान करते हैं। नोटिस के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होता है तथा इसके जारी होने की तिथि से दो महीने तक या आदेश निरस्त होने तक, जो भी पहले हो लागू रहेगा। उपरोक्त के मद्देनजर भार वहन करने वाले तथा पैक पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण नियम 1965 की धारा 6 के तहत यह आदेश दिया जाता है कि कोई भी व्यक्ति दोपहर 12 बजे से अपराह्न 03ः00 बजे के बीच की अवधि के दौरान किसी भी वाहन को खींचने या कोई भार ढोने के लिए किसी भी पशु का उपयोग नहीं करेगा या उपयोग नहीं करवाएगा।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार से अगले पांच दिनों तक जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों और जम्मू संभाग के पहाड़ी इलाकों में अगले दो दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है। साथ ही बढ़ते तापमान के कारण इन जिलों में गर्म और असहज मौसम रहने की संभावना है। मंगलवार को जम्मू में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह 10 बजे आईएमडी ने कहा कि जम्मू में न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्थान समाचार/सुमन/बलवान

   

सम्बंधित खबर