डबल इंजन की सरकार ने जोशीमठ वासियों के साथ किया सौतेला व्यवहार : सुमित हृदयेश

हल्द्वानी, 2 जुलाई (हि.स.)। बद्रीनाथ उपचुनाव को लेकर आज हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश कांग्रेस प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला के समर्थन में बद्रीनाथ पहुंचे। उन्होंने बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के पीपलकोटि, गडोरा, लुहा, दिगोली, माणा गांव, जोशीमठ के ग्राम सेलंग, पैनी में घर-घर पहुंचकर प्रचार-प्रसार किया। साथ ही स्थानीय लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी लखपत बुटोला के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि पिछले वर्ष एनटीपीसी द्वारा किए जा रहे टनल के कार्य से कई घरों में दरार आ गई थी। सरकार ने उन्हें अनदेखा किया। अब प्रभावित घरों की संख्या 1200 के पास पहुंच चुकी है लेकिन सरकार को उनकी परेशानी से कोई लेना-देना नहीं है। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे सरकार ने हमारे आस्था के केन्द्र जोशीमठ के साथ सौतेला व्यवहार किया है। भाजपा उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत हैं। विधायक सुमित हृदयेश ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार जितना भी धनबल लगा ले लेकिन इस बार बद्रीनाथ की देवतुल्य जनता ने अपना मन कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए बना लिया है।

इस दौरान उनके साथ उत्तराखण्ड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन महरा, खटीमा विधायक, उप नेता सदन भुवन कापड़ी,पूर्व विधायक रणजीत रावत, पूर्व विधायक ललित फर्सवान, कमल रतूड़ी, सुखदेव सिंह, भरत सिंह कुंवर सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर