भ्रष्टाचार पर गंभीर हो सरकार: शान्ता कुमार

पालमपुर, 20 जून (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शान्ता कुमार ने कहा कि आजाद भारत में करोड़ों रुपये के बन रहे बडे़ और महत्वपूर्ण पुल कई जगह उद्घाटन से पहले ही गिर रहे हैं। गुलाम भारत में अंग्रेजों के समय बनाए हुए सैकड़ों पुल मजबूती से खड़े हैं, लगता है वह गुलामी इस आजादी का मजाक उड़ा रहे हैं।

शान्ता कुमार ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि कि दवाइयां बनाने में भारत विश्व में अग्रणी है। भारत को विश्व की फार्मेसी कहा जाता है। सौभाग्य से भारत में बनने वाली दवाइयों में 40 प्रतिशत हिमाचल प्रदेश में बनती हैं, परन्तु दवाइयों की गुणवत्ता का यह हाल है कि हर महीने दवाइयों के सैंपल बहुत संख्या में फेल होते हैं। शान्ता कुमार ने कहा कि हर क्षेत्र में लगातार बढ़ता भ्रष्टाचार भारत का सबसे बड़ा संकट है। वर्ष 2014 के बाद सब प्रकार का विकास होने के बाद भी आज देश की गरीबी और बेरोजगारी का सबसे बड़ा कारण केवल भ्रष्टाचार है।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा कारण राजनीतिक नेताओं का भ्रष्टाचार है। राजनीति पहले की तरह अब जीवन का अंग नहीं रही अपितु अब जीवन ही राजनीति का अंग बन गया और राजनीति पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूब गई। शान्ता कुमार ने कहा कि कुछ नेताओं के अडडों से निकलते नोटों के पहाड़ देख देख कर भारत के लोग शर्मिंदा होकर सिर पीटते हैं। विश्वभर में भारत की बदनामी होती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और देश के नेता गंभीरता से विचार करें और हर भ्रष्टाचार करने वाला पकड़ा जाए और एक निश्चित समय में उसे सजा मिले। इसके लिए कानून बदला जाए। अति गंभीर भ्रष्टाचार के अपराध पर मृत्यु दण्ड का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि हजारों शहीदों ने भारत की आजादी के लिए फांसी के फंदों को ऐसे ही नहीं चूमा था।

हिन्दुस्थान समाचार/ सुनील/सुनील

   

सम्बंधित खबर