राज्य सरकार के पब्लिसिटी सलाहकार तरुण भंडारी को हिमाचल प्रदेश पुलिस का नोटिस

राज्यसभा चुनाव के दौरान हिमाचल के विधायकों को तरुण ने ही पंचकूला में रुकवाया था

चंडीगढ़, 2 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के दौरान विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त के मामले में राज्य की पुलिस ने हरियाणा सरकार के पब्लिसिटी एडवाइजर तरुण भंडारी को नोटिस जारी किया है। भंडारी को 7 जून को पेश होने के लिए कहा गया है।

दरअसल, हिमाचल प्रदेश के राज्यसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में कांग्रेस के उम्मीदवार आनंद शर्मा को हार का सामना करना पड़ा था। राज्य में सरकार न होने के बावजूद भाजपा यहां से अपने उम्मीदवार हर्षवर्धन को विजयी बनाने में कामयाब रही थी। चुनाव के दौरान हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के छह तथा तीन निर्दलीय विधायक करीब एक सप्ताह तक पंचकूला व चंडीगढ़ में रुके थे। इन विधायकों को यहां रखने की जिम्मेदारी तरुण भंडारी को सौंपी गई थी। मतदान वाले दिन तरुण भंडारी ही हेलीकाप्टर से इन विधायकों को शिमला लेकर गए और वापस पंचकूला लेकर आए थे। इसी मामले की जांच कर रही हिमाचल पुलिस ने अब तरुण भंडारी को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। भंडारी से कहा गया है कि वह 7 जून को पुलिस मुख्यालय शिमला पहुंचकर अपने बयान दर्ज करवाएं।

उल्लेखनीय है कि तरुण भंडारी हरियाणा भाजपा में आने से पहले प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। भाजपा में आने के बाद करीब दो दर्जन नामी नेताओं को भाजपा में शामिल करवाने में भंडारी की भूमिका अहम रही है। तरुण भंडारी जांच में शामिल होंगे या नहीं इसके बारे में उन्होंने अभी तक साफ नहीं किया है। वह इस बारे में अपने वकीलों से बातचीत के बाद ही कोई फैसला लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

   

सम्बंधित खबर