एग्जिट पोल को कांग्रेस द्वारा 'मोदी मीडिया का पोल' बताने की एनयूजेआई ने आलोचना की

नई दिल्ली, 2 जून (हि.स.)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) ने लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम से पहले विभिन्न टीवी चैनलों के एग्जिट पोल को कांग्रेस द्वारा मोदी मीडिया का पोल बताने की आलोचना की है।

विभिन्न मीडिया संस्थानों के ओपिनियन पोल और एग्जिट पोल में भाजपा पार्टी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की प्रचंड जीत का अनुमान लगाया गया है। एनयूजे के अध्यक्ष रास बिहारी ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में लगातार हार का सामना कर रही कांग्रेस बौखलाकर मीडिया पर अपना गुस्सा निकाल रही है।

रास बिहारी ने आगे कहा कि कांग्रेस लगातार मीडिया को अपना निशाना बना रही है। कांग्रेस के प्रवक्ता टीवी चैनलों पर बहस के दौरान कांग्रेस के कमजोर प्रदर्शन की चर्चा करने वाले पत्रकारों को भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पार्टी का समर्थक बताते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले कांग्रेस की तरफ से टीवी चैनलों के पत्रकारों का बहिष्कार किया गया था।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पत्रकारों की जाति पूछकर कई बार अपमान किया, यहां तक कि चुनाव प्रचार के दौरान कई सार्वजनिक सभाओं में उन्होंने कई टीवी पत्रकारों को ’चमचा’ कहा है, जो बेहद आपत्तिजनक है।

अंत में रास बिहारी ने कहा है कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के नेताओं को मीडिया में पूरा स्थान दिया जा रहा है, बावजूद इसके कांग्रेस के नेता मीडिया को अपमानित कर रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं को अपनी हार का ठीकरा मीडिया पर फोड़ने की बजाय राजनीतिक तौर पर इसका मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद कांग्रेस के नेताओं को बड़े स्तर पर चिंतन और मनन करने की जरूरत होगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी

   

सम्बंधित खबर