हिमाचल प्रदेश : मतगणना के बीच कई स्थानों पर बारिश-ओलावृष्टि व अंधड़ की चेतावनी

शिमला, 3 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी की मार झेल रहे पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम के कड़े तेवर देखने को मिलेंगे। इससे मतगणना कार्य और उसके बाद कार्यकर्ताओं के जश्न में भी खलल पड़ सकता है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई स्थानों में 4 से 7 जून तक बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार से दिखना शुरू हो जाएगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर पार्टी घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इसी दिन लोकसभा चुनाव और राज्य विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित होंगे। ऐसे में इन नतीजों के बाद कार्यकर्ताओं के जश्न में भी मौसम खलल डाल सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी 7 जून तक राज्य के मैदानी भागों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक बिजली कड़कने और तूफान चलने के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आने से गर्मी से निजात मिलेगी। 8 व 9 जून को पूरे प्रदेश में धूप खिलने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून यानी मंगलवार को सुबह से मौसम में बदलाव आएगा और बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने की आशंका है। लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव की छह सीटों पर मतगणना सुबह आठ बजे शुरू होगी और रुझान सुबह दस बजे से आना शुरू होंगे। करीब एक बजे तक स्थिति काफी स्पष्ट हो जाएगी। इसी दौरान जीत का जश्न मनाने की तैयारियां शुरू होंगी। जश्न के दौरान ही मौसम बिगड़ने से इसमें खलल पड़ सकती है। हालांकि, बादलों के बरसने से मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को कुछ राहत भी मिलेगी।

इस बीच सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा है। पिछले एक पखवाड़े से राज्य में भयंकर गर्मी पड़ रही है। मैदानी इलाकों में लू चल रही है, जिसका सामान्य जनजीवन पर असर देखा जा रहा है। हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, मंडी और कांगड़ा जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। ऊना और हमीरपुर के नेरी में तो पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

उधर, पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी के तेवर तल्ख बने हुए हैं। हिल्स स्टेशन शिमला, कुफ़री, मनाली और डल्हौजी में दिन का पारा सामान्य से तकरीबन 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है और इन स्थलों में भी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। इस सीजन में शिमला में एक दशक की सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी और पारा 31.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल

/सुनील

   

सम्बंधित खबर