लखनऊ में युवक ने साथी के मुख पर पेशाब किया, आरोपित गिरफ्तार

लखनऊ, 03 जून (हि.स.)। जनपद के दुबग्गा थाना क्षेत्र का सोमवार को एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमे एक व्यक्ति सो रहे व्यक्ति के मुख पर पेशाब करता हुआ दिख रहा है। दोनों मजदूर हैं और साथ में ही काम करते हैं। इस वीडियो का संज्ञान लेकर थाना पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी वेस्ट ने सोमवार को बताया कि यह पूरा मामला रविवार का है। दुबग्गा थाना क्षेत्र के चंदौईया खेड़ा गांव स्थित सब्जी मंडी के पीछे एक सरकारी जमीन है। इसी गांव के रहने वाले राजकुमार रावत और संजू उर्फ संजय मौर्या मजदूरी करते हैं।

रविवार को दोनों ईंट तोड़ रहे थे। दोपहर के वक्त दोनों ने एक साथ शराब पी। इस दौरान राजकुमार छांव पाकर वहीं लेट गया। तभी संजय ने उसके मुख पर पेशाब कर दिया। इसका किसी ने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया में सार्वजनिक कर दिया। पीड़ित की पत्नी ने इस संबंध में संजय के खिलाफ दुबग्गा थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/दिलीप

   

सम्बंधित खबर