संदेशखाली में बढ़ रहा तनाव, पुलिस से भिड़ गईं स्थानीय महिलाएं

कोलकाता, 01 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की नौ लोकसभा सीटों पर शनिवार को मतदान हो रहे हैं। इस बीच बशीरहाट के चर्चित संदेशखाली इलाके में तनाव कम नहीं हो रहा। शनिवार को मतदान वाले दिन भी यहां पुलिस और स्थानीय महिलाओं के बीच जमकर झड़प हुआ है। आरोप है कि स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं ने सभी मतदान केंद्रों में धांधली शुरू कर दी थी और छप्पा वोटिंग कर रहे थे। विरोध करने पर भाजपा के कार्यकर्ताओं को मारा-पीटा गया। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कार्यकर्ताओं व समर्थकों पर पिटाई का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने आकर जबरन जाम हटवा दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं-समर्थकों ने बारामारी में बासंती रोड को जाम कर दिया। बशीरहाट लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा मौके पर पहुंचीं। उस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ने के लिए अति सक्रियता बरत रहे पुलिसकर्मियों से उनकी नोकझोंक भी हुई। रेखा के साथ मौजूद महिलाओं की पुलिस से झड़प भी हुई है।

भाजपा का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता चंचल खटुआ को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया है। शाम पांच बजे खबर लिखे जाने तक हालात तनावपूर्ण है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर