गुरुग्राम: राहुल गांधी की सोच में बचपना झलकता है: नायब सैनी

गुरुग्राम, 3 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि राहुल गांधी में अभी बचपना है और यह उनकी सोच में भी झलकता है। यह बात उन्होंने सोमवार को यहां सेक्टर-51 पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव की फ्लैग ऑफ सेरेमनी के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कही।

एग्जिट पोल पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि एग्जिट पोल में भाजपा को 400 से ज्यादा सीटें मिल रही है और 4 जून को एग्जिट पोल नतीजों में बदल जाएगा। सीएम ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा में भाजपा 10 की 10 लोकसभा सीटों पर जीत रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस की ना नीति सही और ना ही नीयत सही है। कांग्रेस ने झूठ बोलकर जनता को छला है। देश और प्रदेश की जनता जागरूक है। जनता ने इस बार कांग्रेस को पूरी तरह से नकार दिया है और मोदी की गारंटी पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही देश और प्रदेश में जबरदस्त विकास हुआ है।

युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के कार्यालय पर भी पहुंचे

पर्वतारोही नरेंद्र सिंह यादव की फ्लैग ऑफ सेरेमनी में शामिल होने बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद यादव के कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने यहां मौजूद कार्यकर्ताओं का हाल चाल पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने प्रचंड गर्मी में भी जबरदस्त मेहनत की जिसके लिए सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि एग्जिट पोल ने भाजपा को 400 पार दिखाया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से हरियाणा में 10 की 10 लोकसभा और करनाल विधनसभा में कमल खिलने जा रहा है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष कमल यादव भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर