छत्तीसगढ़ में 11 सीटों पर मतगणना जारी, ज्यादातर सीटों पर भाजपा आगे

रायपुर, 4 जून (हि.स.)।छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों के लिए मतगणना जारी है। सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की गई। लोकसभा चुनाव परिणाम का शुरुआती रुझान आ गया है। इसमें ज्यादातर सीटों पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे। रायपुर से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल, दुर्ग से भाजपा प्रत्याशी विजय बघेल, राजनांदगांव से भाजपा प्रत्याशी संतोष पाण्डेय, बिलासपुर से भाजपा प्रत्याशी तोखन साहू आगे चल रहे।

वहीं रायगढ़ से राधेश्याम राठिया, बस्तर से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा और कांकेर से कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर आगे चल रहे। महासमुंद से भाजपा प्रत्याशी रुपकुमारी चौधरी आगे चल रही। महासमुंद सीट से भाजपा की रूप कुमारी चौधरी 5371 वोटों से आगे चल रही हैं।

मतगणना के दौरान छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से पांच सीटों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस दिग्गज नेताओं के भाग्य का फैसला ईवीएम से खुलेगा। इन सीटों पर राजनीतिक समीकरण भी दिलचस्प है। इनमें तीन सीटों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी वर्तमान में विधायक भी हैं। ऐसे में इन प्रत्याशियों के पक्ष में फैसला आने की स्थिति में इन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे।

उल्लेखनीय है कि 11 लोकसभा सीटों पर तीन चरणों में चुनाव हुए हैं। जिसमें 19 अप्रैल को नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट, 26 अप्रैल को राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद में मतदान हुआ। तीसरे चरण में 7 मई सरगुजा, रायगढ़, कोरबा, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट पर मतदान हुआ। छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव 2024 में कुल 220 उम्मीदवार मैदान में हैं। रायपुर में सबसे ज्यादा 38 उम्मीदवार, बिलासपुर में 37, कोरबा में 27, दुर्ग में 25, जांजगीर-चांपा में 18, महासमुंद में 17, राजनांदगांव में 15, रायगढ़ में 13, बस्तर में 11, सरगुजा में 10 और कांकेर में 9 उम्मीदवार मैदान में रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव शर्मा/ गेवेन्द्र

   

सम्बंधित खबर