नारनौल : भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में 13 उम्मीदवारों को नोटा ने हराया

-भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर ने लगातार तीसरी बार जीतकर बनाई हैट्रिक

नारनौल, 5 जून (हि.स.)। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर ने लगातार तीसरी बार जीत दर्जकर हैट्रिक बनाई है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार राव दान सिंह को 41 हजार 510 वोटों के अंतर से हराया है। इस क्षेत्र में नोटा को भी जमकर वोट मिले और 13 उम्मीदवारों को पछाड़ दिया।

भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में 17 उम्मीदवारों में से 13 को नोटा से भी कम वोट मिले। इस सीट पर नोटा को 5287 वोट मिले। केवल चार उम्मीदवारों को ही इससे अधिक मत प्राप्त हुए। इनमें भाजपा के धर्मबीर सिंह, कांग्रेस के राव दान सिंह, जजपा के बहादुर सिंह, बहुजन समाज पार्टी के सुनिल कुमार शर्मा शामिल हैं।

मतगणना के आंकड़ों में वोट प्रतिशत की बात करें तो भाजपा व कांग्रेस उम्मीदवारों के अलावा अन्य 15 उम्मीदवारों को 2 प्रतिशत मत भी नहीं मिले। इस संसदीय सीट पर कुल 65.20 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जिनमें से भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर सिंह को 5 लाख 88 हजार 664 (49.7 प्रतिशत) वोट मिले। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार राव दान सिंह को 5 लाख 47 हजार 154 (46.2 प्रतिशत) वोट मिले। जजपा के बहादुर सिंह को 15 हजार 265 (1.3 प्रतिशत) वोट तथा बहुजन समाज पार्टी के सुनिल कुमार शर्मा को 6 हजार 336 (0.5 प्रतिशत) वोट मिले। इस सीट पर नोटा को 5287 (0.4 प्रतिशत) वोट मिले हैं। बाकी 13 प्रत्याशियों को नोटा से भी कम वोट मिले हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/श्याम/सुमन/सुनील

   

सम्बंधित खबर