छत्तीसगढ़ लोकसभा परिणाम- महासमुंद से रूप कुमारी चौधरी तो कांकेर से भोजराज नाग जीते

धमतरी, 4 जून (हि.स.)। लोकसभा क्षेत्र महासमुंद व कांकेर में मतगणना के बाद भाजपा ने जीत दर्ज की है। महासमुंद से भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी रहे प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को हराया। रूपकुमारी चौधरी को कुरूद विधानसभा क्षेत्र से 24929 मतों से लीड मिली। वहीं धमतरी विधानसभा क्षेत्र से 37006 मतों से आगे रही। इसी तरह कांकेर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग ने प्रतिद्वंद्वी रहे कांग्रेस प्रत्याशी बीरेश ठाकुर को हरा दिया। भोजराज नाग को कांकेर लोकसभा क्षेत्र के संसदीय विधानसभा क्षेत्र सिहावा से 5428 मतों से बढ़त मिली। मतगणना पूर्ण होने और रिजल्ट आने के बाद भाजपाईयों ने जीत पर मतगणना स्थल के आसपास जमकर आतिशबाजी व रैली निकालकर जश्न मनाया।

लोकसभा क्षेत्र महासमुंद के संसदीय विधानसभा क्षेत्र कुरूद व धमतरी तथा लोकसभा क्षेत्र कांकेर के संसदीय विधानसभा क्षेत्र सिहावा में 26 अपै्रल को हुए मतदान के मतों की गिनती चार जून को मतगणना स्थल व स्ट्रांग रूम पालीटेक्निक कालेज रूद्री में सीआरपीएफ जवान, सीएएफ जवान और पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई। सुबह पांच बजे से मतगणना अधिकारी-कर्मचारियों को कड़ी जांच के बाद प्रवेश दिया गया, जो मतगणना के लिए अंतिम तैयारी की। इसके बाद लोकसभा क्षेत्र महासमुंद व कांकेर के भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ अन्य प्रत्याशियों के एजेटों को दूसरे गेट से पुलिस अधिकारियों व जवानों ने जांच के बाद प्रवेश दिया। सुबह आठ बजे से लोकसभा क्षेत्र कांकेर के संसदीय विधानसभा सिहावा व महासमुंद के धमतरी तथा कुरूद विधानसभा के ईवीएम में कैद मतों की गिनती शुरू हुई। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी को धमतरी विधानसभा क्षेत्र में हुए कुल 19 राउंड के मतगणना में 17 राउंड तक लगातार बढ़ती मिली। जबकि 18 व 19 राउंड में ही कुछ ही मत कम हुए। पूरे 19 राउंड में रूपकुमारी चौधरी को कुल धमतरी विधानसभा क्षेत्र से 100130 मत मिले और सबसे अधिक 37006 मतों से यहां से लीड मिली। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू यहां शुरूआत राउंड से ही पिछड़ गए, जो लगातार 17 राउंड तक पिछड़ते गए। केवल 18 व 19 राउंड में ही उन्हें कुछ मतों से बढ़त मिली, क्योंकि वह कांग्रेस का गढ़ डूबान क्षेत्र माना जाता है। इस तरह पूरे मतगणना के दौरान धमतरी विधानसभा क्षेत्र के 19 राउंड में ताम्रध्वज साहू को सिर्फ 63124 मत मिले हैं, जो भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी से काफी कम है। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी को कुरूद विधानसभा क्षेत्र में हुए कुल 17 राउंड के मतगणना में शुरू से अंतिम राउंड तक बढ़त मिली और यहां जीत हासिल किए। यहां रूपकुमारी चौधरी को कुल 91000 मत मिले और अपनी प्रतिद्वंद्वी रहे कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू से यहां कुल 24929 मतों से आगे रही। कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू को यहां कुल 66071 वोट मिले हैं।

लोकसभा क्षेत्र कांकेर के संसदीय विधानसभा क्षेत्र सिहावा में भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग को यहां से लीड मिली है। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग 5428 मतों से अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी रहे बीरेश ठाकुर से लीड लेकर बढ़त बनाए हुए थे। यहां कुल 19 राउंड तक मतगणना हुई है। अंतिम राउंड तक भोजराज नाग को कुल 76198 मत मिले हैं जबकि प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी रहे बीरेश ठाकुर को 70770 मत प्राप्त हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रोशन सिन्हा

   

सम्बंधित खबर