लोकसभा चुनाव परिणाम की पार्टी समीक्षा करेगी- दिलावर

जयपुर, 5 जून (हि.स.)। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि जनता का जो ऋण है, वह शिरोधार्य है, लेकिन प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को लीड कम मिलने की पार्टी समीक्षा करेगी।

दिलावर बुधवार को प्रदेश में लोकसभा चुनावों के परिणामों को लेकर पत्रकारों के सवालों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। दिलावर ने कहा कि जनता को बधाई, कार्यकर्ताओं को बधाई। जनता का जो ऋण है, वह शिरोधार्य है। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को लीड कम मिलने की पार्टी समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा सीटें एनडीए की हैं। एनडीए के नेतृत्व में सरकार बनेगी। मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। चार सौ पार का नारा जनता ने दिया था। अब जनता ने पूरा किया या नहीं किया, वह जनता का निर्णय है। जनता का ही नारा था, जनता के ही विश्वास पर था।

कमियों की समीक्षा होगी- नागर

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि देश में एनडीए के नेतृत्व में सरकार बन रही है। अब केन्द्र और राज्य की तरफ से नई सौगात मिलेगी। हमारा लक्ष्य ऊंचा था और हमने प्रयास भी किया। लेकिन फिर भी हम स्पष्ट बहुमत से मोदी के नेतृत्व में सरकार बना रहे हैं। यह देश के विकास के लिए अच्छी बात है। जो कमियां राजस्थान में रहीं, उनकी समीक्षा होगी। जनता के जनमत को स्वीकार करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर