झज्जर: पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना हम सबकी जिम्मेदारी : सीजेएम अरविंद कुमार

- विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला कारागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने चलाया पौधारोपण अभियान

झज्जर, 5 जून (हि.स.)। जिला कारागार परिसर में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण को लेकर पौधे रोपित किए गए और ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने का संकल्प लिया। सीजेएम अरविंद कुमार बंसल के अलावा जिला कारागार के उप अधीक्षक (जेल) जंगशेर व अमित कुमार ने भी पौधारोपण किया।

इस अवसर पर सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार बंसल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के असंतुलन को रोकने के लिए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय रूप से पूर्ण सहयोग प्रदान करें। एकजुट प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण संभव है। विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। वहीं, पौधे के पेड़ बनने तक देखभाल की जिम्मेदारी ली।

उन्होंने कहा कि निरंतर ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है। ओजोन लेयर के प्रभावित होने से लोगों को दुष्प्रभाव झेलने पड़ रहे हैं। इसका स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। अभी भी समय है। हमें समय रहते ही जागरूकता व एकजुटता के साथ ज्यादा से ज्यादा पौधे रोपित करने होंगे। तभी हम आने वाली पीढ़ी को विरासत में स्वस्थ पर्यावरण सौंप सकेंगे। यह हमारी जिम्मेदारी भी बनती है, जिसका निर्वहन पूर्ण ईमानदारी के साथ करना होगा।

उन्होंने दोहराया कि पर्यावरण का संरक्षण करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें पर्यावरण मॉडल की दिशा में कार्य करना होगा। हमारी आने वाली पीढिय़ों को शुद्ध जल, हवा, मिट्टी एवं पर्यावरण मिले। उन्होंने कहा कि पौधारोपण और उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर चिकित्साधिकारी डा नवीन कुमार, पीएलवी कर्मजीत छिल्लर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/शील/संजीव

   

सम्बंधित खबर