मुरारी तिवारी की हत्या करने आए दोनों आरोपित धराए, कारण स्पष्ट नहीं

पलामू, 5 जून (हि.स.)। डालटनगंज शहर थाना क्षेत्र के रेडमा के रहने वाले मुरारी तिवारी की हत्या करने आए दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई बिना मैगजीन की पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

30 मई की शाम रेडमा में एक बाइक से आये दो अपराधियों ने मुरारी तिवारी को गोली मारने की कोशिश की थी। पहले राउंड में गोली चलाने पर फायर नहीं हुई थी, जबकि दूसरे राउंड की गोली पिस्तौल की मैगजीन गिरने से नहीं चली थी। दरअसल, दूसरी बार जब मुरारी तिवारी को गोली मारी जा रही थी तो उन्होंने गोली मारने वाले को धक्का दे दिया था। हालांकि मौके से रेकी कर रहा युवक रोशन कुमार जेलहाता को गिरफ्तार किया गया था। उसकी निशानदेही पर कांड में शामिल सद्दाम हुसैन उर्फ लड्डू खान (34 ) नई मुहल्ला चैनपुर और मोहम्मद नाजिम (25) पहाड़ी मोहल्ला गम्हेल स्थान शहर थाना का पता चला था। उनकी गिरफ्तारी में पुलिस टीम जुटी हुई थी।

मेदिनीनगर के एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद बुधवार को शहर थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि फरार चल रहे सद्दाम और नाजिम को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को रेडमा चौक से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल बिना मैगजीन की पिस्टल और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

एसडीपीओ ने बताया कि मुरारी तिवारी को गोली क्यों मारी गई थी, इसके लिए अनुसंधान किया जा रहा है। शुरुआत की छानबीन में स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस घटना में और लोगों की संलिप्त है। ऐसे में पुलिस टीम मामले को जल्द स्पष्ट करेगी और हत्या करने और करवाने का कारण भी बताएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर