भीषण तपिश के बाद अब उमस भरी गर्मी बरपा रही कहर

झमाझम बारिश

- बीते रोज 45.9 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा झांसी

झांसी, 06 जून (हि.स.)। नौतपा में सूर्य देवता भीषण गर्मी से लोगों को झुलसाने के बाद अब उमस भरी गर्मी ने भी लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। महानगर में गुरुवार सुबह तड़के करीब 3.30 बजे से अचानक बारिश शुरू हो गई। यह बारिश रुक-रुक कर होती रही। सुबह से पहले तो बादलों ने मौसम को सुहाना कर दिया। लेकिन फिर कुछ देर बाद निकली तेज धूप ने तपिश बढ़ा दी।

इससे पहले, मंगलवार को झांसी में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो कि पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रात बताई जा रही थी। बुधवार को झांसी का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जिसके कारण यह प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर बन गया। वहीं, 46 डिग्री सेल्सियस के साथ आगरा सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

नौतपा में तपता रहा था झांसी

गौरतलब है कि 25 मई से 2 जून तक नौतपा के दौरान झांसी में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। तीन दिनों तक तापमान ने खुद के ही बनाए सारे रिकार्ड्स एक के बाद एक ध्वस्त कर दिए। लगातार चल रही भीषण लू से लोग बीमार होने लगे थे और बुन्देलखण्ड में करीब एक सैकड़ा लोग काल के गाल में समा गए।

आगामी सप्ताह में मिल सकती है राहत

नौतपा खत्म होने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी थी। मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, बुधवार को लोगों को दिन में धूप और गर्मी का सामना करना पड़ा था। अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक आदित्य सिंह का कहना है कि मौसम में बदलाव आएगा और आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/मोहित

   

सम्बंधित खबर