मानव शरीर को स्वस्थ बनाने को स्ट्रीट व फास्ट फूड से बनाए दूरी: डॉ. आनंद कुमार सिंह

कानपुर, 07 जून (हि.स.)। शरीर में ऊर्जा और सही पोषण के लिए साफ सुथरा भोजन लेना जरूरी है। मानव शरीर के लिए अनसेफ फूड से खतरा है। जिससे यह जरूरी है कि बाहर का खाना, स्ट्रीट फूड से दूरी बनाने से सुरक्षित रहेंगे। यह बात विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के मौके पर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति डा.आनंद कुमार सिंह ने कहा।

उन्होंने कहा कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन के सहयोग से वर्ष 2018 से 7 जून को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस मनाया जाता है।उन्होंने बताया कि इस वर्ष विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस की थीम ‘सुरक्षित भोजन, बेहतर स्वास्थ्य’ है।

उन्होंने कहा कि मानव शरीर के निर्माण में भोजन एक महत्वपूर्ण तत्व है। शरीर में ऊर्जा और सही पोषण के लिए साफ सुथरा भोजन लेना जरूरी है। डॉक्टर सिंह ने कहा कि डब्ल्यूएचओ के अनुसार डायरिया और कैंसर सहित करीब 200 बीमारियां ऐसी हैं जो अनसेफ फूड यानी कि खराब खाने के कारण होती हैं।

उन्होंने बताया कि हम लोग अक्सर बाहर का खाना, स्ट्रीट फूड आदि खाते हैं। ऐसे खाने में प्रयोग होने वाला तेल, मैदा, आटा और चावल अच्छी गुणवत्ता का नहीं होता है और न ही साफ-सफाई से बनाया जाता है। कुलपति डॉ सिंह ने विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर सभी लोगों को संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षित भोजन सभी लोगों का अधिकार है। इस लिए पोषण युक्त सुरक्षित भोजन ग्रहण करना स्वास्थ्य हेतु जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ राम बहादुर/मोहित

   

सम्बंधित खबर