गुरुग्राम: हरियाणा का निर्यात 12 फीसदी बढक़र हुआ 275245 करोड़: अनुराग बख्शी

-सामान निर्यात वार्षिक वृद्धि दर में देश के शीर्ष 7 राज्यों में हरियाणा पहुंचा पहले स्थान पर

गुरुग्राम, 7 जून (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश से वर्ष 2023-24 में निर्यात का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। प्रदेश से बीते वित्त वर्ष में 146180 करोड़ का सामान निर्यात हुआ जो इससे पिछले वित्त वर्ष 2022-23 के मुकाबले 14.77 प्रतिशत अधिक है, जिसके चलते वार्षिक वृद्धि दर में हरियाणा देश के शीर्ष सात राज्यों में पहले स्थान पर जा पहुंचा है। जबकि वित्त वर्ष 22-23 में हरियाणा इस दिशा में छठे स्थान पर था। रियाणा इक्स्पोर्ट प्रमोशन काउन्सिल के चेयरमैन एवं पूर्व आइआरएस अनुराग बख्शी ने शुक्रवार को कहा कि उपलब्धि निश्चित तौर पर गर्व का विषय है। यह हरियाणा सरकार की दूरगामी सोच का परिणाम है।

अनुराग बख्शी ने इस उपलब्धि को सांझा करते हुए कहा कि प्रदेश से वित्त वर्ष 2022-23 में सामान और सेवाओं को मिलाकर कुल निर्यात 12 प्रतिशत बढक़र 275245 करोड़ हुआ। जिसमें सामान 146180 करोड़ और सेवाओं का निर्यात 129065 करोड़ (अनुमानित) रहा। बक्शी ने कहा कि सेवाओं के निर्यात का आंकड़ा अभी अनुमानित है, जिसमें केवल आइटी सेक्टर का आंकड़ा शामिल है। दूसरी अन्य सेवाओं के निर्यात की जानकारी उपलब्ध करने के प्रयास जारी है। पूरी जानकारी आने पर प्रदेश से कुल निर्यात का आंकड़ा और अधिक होने का अनुमान है।

अनुराग बक्शी ने कहा सामान निर्यात में हरियाणा की वार्षिक वृद्धि दर 14.77 बेहद प्रशंसनीय है। क्योंकि निर्यात करने वाले शीर्ष सात राज्यों में वर्ष 2023-24 में गुजरात से निर्यात 7.27 प्रतिशत, महाराष्ट्र से 4.31 प्रतिशत, कर्नाटक से 1.53 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश से 2.12 प्रतिशत घटा। यहां तक कि राष्ट्रीय स्तर पर भी वर्ष 2023-24 में भारत से हुए कुल निर्यात में 0.06 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। ऐसे में हरियाणा से निर्यात में 14.77 फीसद की वृद्धि प्रत्येक हरियाणा वासी के लिए गर्व का विषय है। हरियाणा सरकार की दूरगामी सोच और प्रदेश में हो रहे विकास का प्रमाण है।

बक्शी ने कहा कि विगत कुछ वर्षों में हरियाणा सरकार ने प्रदेश से निर्यात को बढ़ाने की दिशा में बहुत से प्रभावी कदम उठाए हैं, जिनमें विदेश सहयोग विभाग और हरियाणा इक्स्पोर्ट प्रमोशन काउन्सिल का गठन, निर्यातकों के लिए माल भाड़ा ढुलाई के लिए वित्तीय सहायता (एक्सपोर्ट फ्रेंट असिस्टन्स) की बहाली और बढ़ोतरी, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेलों/प्रदर्शनियों में भागीदारी के लिए वित्तीय सहायता (मार्केट डिवेलप्मेंट असिस्टन्स) और पिछले वर्ष तंजानिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा की ओर से 60 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को व्यापार की सम्भावनाएं तलाशने के लिए भेजना शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर