सेल्फी विद डॉटर दिवस: मोदी का शपथ ग्रहण और उनका पंसदीदा अभियान दिवस एक ही दिन

चंडीगढ़, 8 जून (हि.स.)। हरियाणा के जींद जिले के गांव बीबीपुर से 9 जून 2015 को शुरू हुआ सेल्फी विद डॉटर अभियान भारत का इकलौता ग्लोबल अभियान है जिसकी स्वीकार्यता विश्व भर में है। इस अभियान ने विश्व के हर सेलिब्रिटी या साधारण व्यक्ति में बेटियों के प्रति एहसास पैदा किया है। नौ जून 2015 को शुरू हुए सेल्फी विद डॉटर अभियान की 9 साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 9 बार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से तारीफ की है।

इस बार नौ जून को सेल्फी विद डॉटर दिवस वर्चुअल मोड पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस बार का सेल्फी विद डॉटर दिवस पहली बार मतदान करने वाली लड़कियों को समर्पित किया गया है। यह भी अजब संयोग है कि प्रधानमंत्री मोदी के सबसे पंसदीदा अभियान सेल्फी विद डॉटर दिवस के दिन 9 जून को उनके तीसरे कार्यकाल का शपथ ग्रहण भी है।

सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के संस्थापक सुनील जागलान ने मीडियाकर्मियों को बताया कि यह अभियान इस दशक में भारत का सबसे चर्चित अभियान बन गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में 7 बार और अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्म पर 2 बार इस अभियान की प्रशंसा की है। मन की बात के सौवें एपिसोड के दौरान प्रधानमंत्री ने उनके साथ बात भी की थी। हर साल देश के अलग-अलग राज्यों में यह आयोजन किया जाता है। इस बार का सेल्फी विद डॉटर डे पहली बार वोट डालने वाली लड़कियों को समर्पित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के बीस राज्यों की लड़कियां ऑनलाइन भाग लेंगी।

इस अवसर पर बेस्ट थ्री सेल्फी विद डॉटर तथा सेल्फी विद डॉटर ग्राम पंचायत अवार्ड का भी ऐलान किया जाएगा। अबकी बार एक लाख से ज्यादा सेल्फी विद डॉटर अपलोड हुईं और देशभर से 65 पंचायतों ने सेल्फी विद डॉटर अवार्ड फ़ॉर पंचायत के लिए आवेदन किया है।

ग़ौरतलब है कि सेल्फी विद डॉटर अभियान को अंतरराष्ट्रीय मानक संस्था ओईसीडी और इकोनॉमिक सर्वे ऑफ़ इंडिया के अलावा देश-विदेश के कई संस्थानों ने भारत ही नहीं वरन विश्व का बेटियों के प्रति प्रेम दर्शाने का प्रभावशाली अभियान बताया है। भारत में बेटियों के प्रति लगाव व लिंगानुपात सुधार के लिए सेल्फी विद डॉटर अभियान की बहुत तारीफ़ हुई है।

सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के संस्थापक सुनील जागलान ने बताया कि नौ जून को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम देश व विदेश के 100 से ज़्यादा संस्थाएं व विश्वविद्यालय भाग लेगे। इसके अलावा नेपाल व कनाडा में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। ऑनलाइन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम मन की बात में शामिल होने वाले लोग भी जुड़ेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/पवन

   

सम्बंधित खबर