हिसार: चुनाव ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को नहीं मिला मानदेय

लोकसभा तो दूर, जिला परिषद व पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने वाले भी मानदेय से वंचित

शीघ्र मानदेय जारी न होने पर कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

हिसार, 8 जून (हि.स.)। रिटर्निंग अधिकारी कम उपायुक्त की ओर से जारी आदेशोें के बावजूद चुनाव में की ड्यूटी का मानदेय कर्मचारियों को नहीं मिला है। यही नहीं, उपायुक्त जिस प्रकार संबंधित विभागों को चुनावी ड्यूटी की राशि तुरंत कर्मचारियों को देने के निर्देश दे रहे थे, वहीं सामने आया है कि जिला परिषद व पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को भी मानदेय अभी तक नहीं मिला है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी व रोष है।

ऐसे में हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ ने उपायुक्त से मांग की है कि लोकसभा चुनाव में ड्यूटी करने वाले व पूर्व में जिला परिषद चुनाव में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से उनका मानदेय दिया जाए। संगठन के राज्य सचिव सुभाष ढिल्लो एवं डिपो प्रधान अजय दुहन ने शनिवार को कहा कि कर्मचारियों ने चुनाव के दौरान अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, ईमानदारी, मेहनत व लगन के साथ की है लेकिन इसके बावजूद भी हिसार लोकसभा क्षेत्र के कर्मचारियों को किसी प्रकार के मानदेय की राशि अभी नहीं दी गई है। कर्मचारियों को मानदेय न मिला सीधे तौर पर सरकार द्वारा घोषित नीतियों की अवहेलना है। पूर्व में जिला परिषद व पंचायत के चुनाव के दौरान की गई ड्यूटी व हाल ही में हिसार लोकसभा क्षेत्र में की गई ड्यूटी का मानदेय यदि शीघ्र ही नहीं दिया गया तो कर्मचारियों के पास आंदोलन करने के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचेगा।

रोडवेज नेताओं ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि वे अपनी घोषणानुसार लोकसभा चुनाव तथा पूर्व में जिला परिषद व पंचायत चुनाव के दौरान ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को उनका माानदेय तुरंत प्रभाव से जारी करवाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी करने वाले तथा रिजर्व स्टाफ को मानदेय की राशि तत्काल दी जानी चाहिए। रोडवेज नेताओं ने बताया कि इस संबंध में सैंकड़ों कर्मचारियों ने बैठक करके माानदेय न मिलने पर नाराजगी जताई। इस अवसर पर हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के डिपो प्रधान अजय दुहन, राज्य सचिव सुभाष ढिल्लो, दर्शन जांगड़ा, पूर्व प्रधान रामसिंह बिश्नोई, हनुमान जांगड़ा, धर्मवीर शर्मा, पवन बूरा, अमृतपाल पहलवान व अजय सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर