संकल्प यात्रा के दौरान भगवान लड्डू गोपाल ने किया नौका विहार

उमड़ा आस्था का जन सैलाब

- यात्रा पहुंची श्रीकृष्ण गोचर लीला भूमि मधुबन

मथुरा, 20 जून(हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति हेतु ब्रज चौरासी कोसी संकल्प यात्रा दूसरे चरण में गुरुवार भगवान कृष्ण की गोचारण लीला स्थली मधुबन (महोली) पहुंची, यहां पहुंच कर भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपालजी ने द्वापर कालीन कृष्ण कुंड में नौका विहार किया तथा भारी संख्या में उपस्थित भक्तों ने महाप्रभु वल्लभाचार्य की बैठक में पूजन ,कृष्ण कुंड में स्नान, ध्रुव नारायण मंदिर के दर्शन, कर परिक्रमा की और संकीर्तन किया।

यात्रा गुजरी समस्त मधुबन वासियों ने पुष्प वर्षा कर पग पग पर ब्रज यात्रियों का स्वागत किया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए कृष्ण भक्त एवं कृष्ण जन्म भूमि मामले के हिंदू पक्षकार दिनेश शर्मा ने कहा कि भगवान योगेश्वर श्री कृष्ण संपूर्ण विश्व ही नहीं ब्रह्मांड के नायक हैं। आज संविधान के इस राज में भगवान को भी न्यायपालिका में अपने मूल जन्म स्थान को प्राप्त करने के लिए लड़ना पड़ रहा है लेकिन हमें विश्वास है कि न्याय अवश्य मिलेगा। समूचे विश्व के सनातनी कृष्ण भक्त चाहते हैं जल्द फैसला हो, न्यायालय तत्वों के आधार पर सनातनियों के पक्ष में फैसला लेगी, ऐसा हमारा विश्वास है।

यात्रा संयोजक राजेश पाठक, महानगर अध्यक्ष नरेश ठाकुर, राष्ट्रीय महामंत्री अश्वनी शर्मा ने कहा कि संपूर्ण बृजवासी यात्रा के माध्यम से जागृत हो रहे हैं। वह दिन दूर नहीं जब भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर अपने मूल गर्भगृह पर स्थापित होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव डॉ जमुना शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी रिचा शर्मा, ब्रजमंडल अध्यक्ष पं मुनेश गौतम प्रधान, हिंदूवादी उषा सोलंकी, विनीत शर्मा, अनु शर्मा,सूरजमल, राहुल गौतम, कन्हैया शर्मा, अश्वनी शर्मा, जयराम शर्मा, हेमंत बघेल, सिया दास बाबा, पवन बाबा, जयवीर सिंह, कैलाश प्रजापति, आदि भक्त यात्रा में मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/सियाराम

   

सम्बंधित खबर