फरीदाबाद: झील में डूबने से हुई युवक की मौत

फरीदाबाद, 8 जून (हि.स.)। फरीदाबाद की बडख़ल झील में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। वह अपने ऑफिस दिल्ली पटेल नगर के लिए निकला था। रास्ते में मेट्रो स्टेशन पर किसी परिचित को छोड़ना था। शनिवार शाम को परिजनों के पास उसके झील में डूबने की खबर पहुंची। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। परिजन हत्या का संदेह जता रहे हैं।

पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद ने बताया कि मृतक की पहचान फरीदाबाद के फतेहपुर बिल्लौच के रहने वाले गुंजन के तौर पर हुई है। वह पिछले कई सालों से बल्लभगढ़ में रह रहा था। वह कल घर से अपने ऑफिस दिल्ली पटेल नगर के लिए निकला था और रास्ते में उसने मेट्रो स्टेशन पर अपने किसी परिचित को छोड़ना था। लेकिन देर शाम को लगभग 5 बजे बडख़ल झील से एक फोन गुंजन के परिजनों के पास आया। परिजनों को बताया गया कि बडख़ल झील के पास कुछ कपड़े और यह फोन पड़ा मिला है। गुंजन के परिजनों ने इसकी सूचना चौकी में आकर दी।

इसके बाद पुलिस गुंजन के परिजनों के साथ बडख़ल झील पर पहुंची तो पाया कि गुंजन का शव पानी में तैर रहा था। उसका सिर दिखाई दे रहा था। फिर गोताखोरों की मदद से गुंजन के शव को झील से बाहर निकलवा कर फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। गुंजन के परिजन गुंजन की मौत पर हत्या का शक जता रहे हैं। उनका कहना है कि जब उनका बेटा घर से दिल्ली पटेल नगर काम करने के लिए निकला था तो उसके कपड़े और उसका शव बडख़ल झील पर कैसे मिले।

हिन्दुस्थान समाचार/मनोज/सुमन/संजीव

   

सम्बंधित खबर