अकबर नगर के छह सौ विस्थापित परिवारों को दिया आवंटन पत्र

लखनऊ, 09 जून(हि.स.)। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कुकैरल नदी की जमीन पर बसाये गये अकबर नगर फेज वन और फेज टू को एलडीए एक बार फिर खाली करने की तैयारी कर रहा है। इससे पहले अकबर नगर से विस्थापित हुए छह सौ परिवारों को प्रधानमंत्री आवास का आवंटन पत्र दिया जा चुका है।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार से अकबर नगर में पुन: ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आरम्भ होगी। पहले चरण में कुछ अवैध मकान तोड़े व गिराये गये थे। चुनाव के दौरान कार्रवाई पर रोक लग गयी थी। अभी पुन: अवैध रूप से बसायी गयी अकबर नगर कॉलोनी के मकानों को तोड़ा जायेगा।

उन्होंने बताया कि अकबर नगर क्षेत्र में कुछ धार्मिक स्थल और मदरसे भी हैं, जिस पर भी बुलडोजर चलाकर गिराया जायेगा। अकबर नगर में कार्रवाई से पहले वहां फैला मलबा हटवाया गया है। एलडीए के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर उपस्थित होकर प्रधानमंत्री आवास से संबंधित आवंटन पत्र बांट रहे हैं।

वहीं, अकबर नगर से विस्थापित लोग प्रधानमंत्री आवास के लिए बांटे जा रहे आवंटन पत्रों को ऑनलाइन डाउनलोड भी कर रहे हैं। अकबर नगर में एलडीए अधिकारी वैसे तो कैम्प लगाकर आवंटन पत्र बांट रहे हैं, फिर भी ऑनलाइन आवंटन पत्र लेने वाली संख्या ज्यादा है। इस तरह बीते 24 घंटे में छह सौ विस्थापित परिवारों को आवंटन पत्र मिला है, वहीं कुल 1679 विस्थापित परिवारों को आमंत्रण पत्र प्राप्त करना है।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर