चारों सीटों पर हारना चिंता का विषय, समीक्षा करेंगेः विक्रमादित्य

मंडी, 10 जून (हि.स.)। मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर हार जाने के बाद पहली बार मंडी पहुंचे लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह जो मंडी जिला शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष भी हैं ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता ने जो भी जनादेश दिया है मैं उसका सम्मान करता हूं और उसे स्वीकार करता हूं। प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस की हार हुई है जो एक चिंता का विषय है। इस पर चिंतन होगा व समीक्षा भी होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा को क्षेत्रवाद व मोदी के नाम पर वोट पड़े। उनके यह सीखने का अवसर है। 34 साल की उम्र में उन्हें मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने का मौका मिला और 4 लाख 62 हजार वोट मिले। कांग्रेस ने यहां से 45 प्रतिशत मत हासिल किए हैं। जीते हुए उम्मीदवार को बधाई व शुभकामनाएं। अब समय ही बताएगा कि सांसद मंडी के लिए कितना समय देती हैं। जहां तक प्रदेश सरकार की बात है वह उन्हें हर प्रकार का सहयोग देगी। वह स्वयं लोक निर्माण मंत्री के तौर उन्हें पूरी मदद करेंगे। उम्मीद करते हैं कि सांसद केंद्र में मंडी व हिमाचल की बात का उठाएंगी। जो भी विजन मंडी के लिए रखा गया है चाहे वह भूभू जोत, जलोड़ी जोत टनल निर्माण का हो, मंडी शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की बात हो, सुकेती व व्यास नदियों के तटीयकरण का काम हो इसमें सांसद का पूरा सहयोग मिलेगा।

विक्रमादित्य ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि जो भी परियोजनाएं मंडी में चल रही हैं उनका का 18 महीने की अवधि में पूरा हो जाना चाहिए। यह उनके लिए एक डेडलाइन तय कर दी गई है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के अधिकारियों के साथ भी बात हुई है, मंडी बाईपास टनल को जल्द खोलने के लिए कहा गया है। लोक निर्माण अधिकारियों से कहा गया है कि बरसात से पहले सभी सड़कों के किनारे बंद पड़ी नालियां खोली जाएं तथा बरसात के पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। मंडी शहर के लिए चौबीसों घंटे हाई प्रैशर पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए भी एक विशेष योजना तैयार की गई है। शिमला की तर्ज पर इसकी डीपीआर बनाई गई है जिसे जल्द मंजूरी मिल जाने की उम्मीद है।

विक्रमादित्य ने कहा कि वह जल्द ही पूरे संसदीय क्षेत्र के हर डिविजन व विधानसभा क्षेत्र का दौरा करके लोगों का धन्यवाद भी करेंगे तथा जो वायदे लोगों से किए गए हैं उनको लेकर भी काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैसे ही केंद्रीय मंत्रिमंडल में नए बने मंत्रियों को विभाग मिल जाएंगे वह दिल्ली जाकर सभी संबंध मंत्रियों से मिलेंगे तथा हिमाचल की परियोजनाओं को लेकर चर्चा करेंगे। इसमें नितिन गडकरी ने जो मंत्री के तौर पर 150 करोड़ रूपए की घोषणा उनकी मांग पर की थी वह पैसा अभी मिला नहीं है। उनकी प्राथमिकता में चैलचौक पंडोह मार्ग तथा मंडी कटौला बजौरा मार्ग को स्तरोन्नत करके सही वैकल्पिक मार्ग बनाना भी शामिल है। विक्रमादित्य सिंह ने जगत प्रकाश नड्डा के केंद्रीय मंत्री बनने पर उन्हें बधाई दी तथा कहा कि उम्मीद करते हैं कि वह प्रदेश के लिए कुछ खास करके दिखाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ मुरारी/सुनील

   

सम्बंधित खबर