सिरसा: साइबर ठग ने निवेश के नाम पर ऐलनाबाद के व्यक्ति से 22 लाख रुपए की धोखाधड़ी

पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

फेसबुक के विज्ञापन पर किया था क्लिक

सिरसा, 13 जून (हि.स.)। ऐलनाबाद के एक व्यक्ति ने फेसबुक पर विज्ञापन पर क्लिक क्या किया, उसे 22 लाख रुपये की चपत लग गई। अपने साथ हुई ठगी की उसने शिकायत गुरुवार को पुलिस को दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ऐलनाबाद के गोविंद विहार कालोनी निवासी सुखदेव शर्मा पुत्र महावीर प्रसाद शर्मा की ओर से साइबर थाना पुलिस में दी गई शिकायत में बताया कि उसके फेसबुक अकाउंट पर इन्वेस्टमेंट से संबंधित एक एड चल रहा था। उसने इस पर क्लिक किया तो उसे डी1 जेनस हेंडरसन नाम से व्हाट्सअप ग्रुप से जोड़ लिया गया। इस ग्रुप में शेयर आईपीओ ट्रेडिंग से संबंधित चर्चाएं चल रही थी। ग्रुप में एमएस नताशा के नाम से एक नंबर दिया हुआ था। सुखदेव शर्मा का कहना है कि उसने क्लिक किया तो नताशा ने उसे लिंक भेजकर दो अन्य व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा।

नताशा ने उसे सीडी प्रियो ऐप डाउनलोड करा दी। नताशा ने उसके एक्सिस बैंक के अकाउंट नंबर से विभिन्न बैंकों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। सुखदेव शर्मा का कहना है कि उसके अकाउंट से कुल 21 लाख 95 हजार की राशि ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद उसे ग्रुप छोड़ने का निर्देश दिया गया। शर्मा से कहा गया कि आप ग्रुप को डिलीट करिए आपकी वन टाइम पेमेंट हो जाएगी। कुछ दिन बाद सुखदेव शर्मा को अहसास हुआ कि उसके साथ धोखा किया गया है। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। जांच अधिकारी वीरेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/रमेश /संजीव

   

सम्बंधित खबर