हिमाचल में 10 जगह चली लू, 18 जून को दस्तक देगा प्री मानसून

heatwave

शिमला, 13 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में गर्मी के तेवरों में कोई कमी नहीं आ रही है। पूरा प्रदेश गर्मी से परेशान है। गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। राज्य के कई मैदानी जिलों में प्रचंड गर्मी कहर ढा रही है। राज्य के मैदानी जिलों के 10 स्थानों पर गुरूवार को लू चली और पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। ऊना और हमीरपुर का नेरी सबसे गर्म स्थल रहा। इन दोनों स्थानों पर अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा सिरमौर के धौलाकूआं में 43.2 डिग्री, बिलासपुर में 42.7 डिग्री, हमीरपुर में 42.1 डिग्री, कांगड़ा में 41.8 डिग्री, सुंदरनगर व बरठीं में 41.3 डिग्री, मंडी में 41.1 डिग्री और चंबा में 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों की बात करें तो नाहन में 39.9 डिग्री, भुंतर व बजुआरा में 38.5 डिग्री, सैंज में 35.3 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 34.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। राज्य के हिल्स स्टेशनों पर भी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। राजधानी शिमला में पिछले चार दिन से पारा 30 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। शिमला में गुरूवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मशोबरा में पारा 30.1 डिग्री, कुफरी में 25.5 डिग्री, नारकंडा में 25.4 डिग्री, कसौली में 35.2 डिग्री, भरमौर में 29.8 डिग्री, डल्हौजी में 28.1 डिग्री और केलांग में 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 घंटों के दौरान बादलों के बरसने के आसार हैं। हालांकि 15 व 16 जून को प्रदेश के मैदानी इलाकों में एक बार फिर भीषण गर्मी कहर बरपाएगी। मौसम विभाग ने हमीरपुर, बिलासपुर, उना, मंडी व कांगड़ा सहित सोलन व सिरमौर जिलों के मैदानी क्षेत्रों 15-16 जून को लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। 18 जून को प्रदेश में प्र्रीमानसून के आने से बारिश संभावना बढ़ जाएगी। 18 व 19 जून को पूरे प्रदेश में प्रीमानसून की वर्षा होने के आसार हैं। इससे प्रदेशवासियों को लू से राहत मिलेगी। 23 जून के आसपास दक्षिणी-पश्चिमी मानसून प्रदेश में दस्तक दे देगा।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 18 जून से मानूसन पूर्व की गतिविधियां सक्रिय हो जाएंगी और इसके तीन-चार दिन बाद पूरे प्रदेश में मानसून प्रवेश कर जाएगा। इस बार मानसून के सामान्य रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

   

सम्बंधित खबर