दिल्ली जल बोर्ड बना भ्रष्टाचार का अड्डा: भाजपा

नई दिल्ली, 14 जून (हि.स.)। दिल्ली में पानी का संकट गहराता जा रहा है। लोग घंटों टैंकरों से पानी भरने के लिए कतारों में लगे हैं। इसके साथ ही राजधानी में पानी पर सियासत भी तेज होती जा रही है। भारतीय जनता पार्टी पानी की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी पर लगातार हमलावर है।

शुक्रवार को भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए दिल्ली जल बोर्ड को भ्रष्टाचार का अड्डा बताया। पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी लगभग 10 साल सत्ता में रही। दिल्ली की जनता को पानी की समस्या से निजात दिलाने की बजाय उलझाने और घोटालेबाजी में व्यस्त रहे। केजरीवाल पानी पर कुछ करने की बजाय शराब, घोटाले और शीशमहल बनाने में व्यस्त रहे, जिस कारण दिल्ली की जनता आज त्राहिमाम त्राहिमाम कर रही है।

उधर, जल मंत्री आतिशी इसका ठीकरा हरियाणा सरकार पर फोड़ रही है। आतिशी ने सवाल उठाये कि जब हरियाणा से पूरा पानी मिल रहा है और हिमाचल प्रदेश से भी अतिरिक्त पानी की व्यवस्था कोर्ट द्वारा कराई गई है तो फिर अब तक दिल्ली में जल सकंट क्यों बना हुआ है? कहीं न कहीं इसका कारण दिल्ली में पानी की बर्बादी, टैंकर माफिया द्वारा पानी की चोरी और अक्षम पानी प्रबंधन है।

हिन्दुस्थान समाचार/ विजयलक्ष्मी/दधिबल

   

सम्बंधित खबर