राहुल गांधी को बड़ी भूमिका में आना चाहिए: कुलदीप राठौर

शिमला, 07 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि देश के मतदाताओं ने कांग्रेस पार्टी व इंडिया गठबंधन की नीतियों और दृष्टिकोण के पक्ष में अपना मत दिया है और इन चुनाव में कांग्रेस पार्टी का गठबंधन मजबूत होकर उभरा है।

राठौर ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि समय आ गया है कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को बड़ी भूमिका में आना चाहिए। जनता की सेवा करने के राहुल गांधी ने पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा करने के पश्चात भारत जोड़ो न्याय यात्रा में देश के अलग-अलग प्रांतों में पार्टी की मजबूती के लिए समाज के हर वर्ग से सहयोग प्राप्त किया। जिसके परिणाम स्वरूप चुनाव में इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ संसद में उभर कर आया है और भाजपा की तानाशाही व दमनकारी नीतियों का जनता ने मुंह तोड़ जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि देश के मतदाताओं ने नरेंद्र मोदी को नकारते हुए भाजपा की तानाशाही नीतियों के विरुद्ध जनमत दिया है और इन व चुनावों में भाजपा को पूर्ण बहुमत नहीं मिला। भाजपा ने 400 पार का नारा देकर देश के अंदर भय का माहौल तैयार करने का असफल प्रयास किया परंतु देश के मतदाता ने भाजपा के सभी हथकंडों का मतदान के जरिए करारा जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि एनडीए में सरकार के गठन को लेकर अभी से खींचतान शुरू हो गई है और ऐसा लगता है कि एनडीए गठबंधन ज्यादा समय तक नहीं चल पाएगा।

राठौर ने कहा कि इस चुनाव में विपक्षी दलों को कमजोर करने की पूरी कोशिश की गई। कई नेताओं को जेल तक मे डाला गया। ईडी व सीबीआई के द्वारा भय का माहौल पैदा किया गया। कांग्रेस पार्टी के खाते सील कर दिए गए। लोकतंत्र में एक समान अवसर नही मिल पाया। कांग्रेस के पास संसाधनों का अभाव था बाबजूद इसके देश के लोगों ने कांग्रेस को अपना समर्थन दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्जवल/सुनील

   

सम्बंधित खबर