सहेली के घर से लौट रही नाबालिग के साथ दुष्कर्म, मामला दर्ज

हल्द्वानी, 13 जून (हि.स.)। हल्द्वानी में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। नाबालिग अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। इसी बीच उसके किसी परिचित ने ही घटना को अंजाम दिया। घटना का खुलासा आठ दिनों के बाद हुआ। पुलिस ने मामले में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि आठ दिन पूर्व उसकी बहन देवलचैड़ क्षेत्र में रहने वाली अपनी दोस्त के घर गई थी। वह वहां से लौट रही थी तो रास्ते में सूरज नाम का युवक मिला, जिसे पीड़िता पहले से जानती थी। आरोप है कि सूरज उसे झूठ बोलकर अपने घर ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसे जान से मारने की धमकी दी और यह बात किसी को न कहने की बात कही। इसके बाद वह उसकी सहेली के घर टेंपो से पीड़िता को छोड़ आया। जहां से पीड़िता अपने घर पहुंची, लेकिन डर की वजह से यह बात किसी को नहीं बताई। आठ दिन बाद पीड़िता ने यह बात अपनी दीदी को बताई।

एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि पॉक्सो में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर