आम तोड़ने को लेकर हुई मारपीट में चला चाकू दोनों पक्ष से छह लोग घायल

जौनपुर, 15 जून (हि.स.)। जलालपुर थाना क्षेत्र के छतारी गांव में शनिवार को आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान चले चाकू से दोनों पक्ष के छह लोग घायल हो गए। पुलिस दोनों पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। प्रथम पक्ष भैयालाल सरोज के घर के पास गांव के किसी का आम का बाग है। भैयालाल बाग की रखवाली करते हैं। सुबह दस बजे दूसरे पक्ष के लोग आम तोड़ रहे थे। मना करने पर दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हो गई। इसमें प्रथम पक्ष से 53वर्षीय भैयालाल सरोज, 40वर्षीय चंद्रकला, 60 वर्षीय सावित्री घायल हो गईं।

दूसरे पक्ष से 25 वर्षीय जतिन, 17 वर्षीय सचिन, 15वर्षीय नितिन घायल हो गए। प्रथम पक्ष से भैयालाल और दूसरे पक्ष से नितिन को गंभीर चोट लगने की वजह से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष घायलों को प्राथमिक उपचार कर छोड़ दिया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

इस संबंध में थाना अध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि आम तोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था जिसको लेकर मारपीट हुई थी। सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/दिलीप

   

सम्बंधित खबर