काशी में योग की बयार, मंत्री, विधायक, डीएम ने एक साथ योग कर दिया संदेश

नमोघाट पर मंत्री, विधायक, डीएम और अन्य योग करते हुए: फोटो बच्चा गुप्ता

-10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह का शुभारंभ

वाराणसी, 15 जून (हि.स.)। 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2024 के एक सप्ताह पहले से ही आदियोगी भगवान शंकर की नगरी में योग की बयार बहने लगी है। जिला प्रशासन की पहल पर शुक्रवार को नमोघाट पर विधिवत योग सप्ताह की शुरुआत हुई। प्रदेश सरकार में मंत्री रविन्द्र जायसवाल और पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वल्लन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि योग के मामले में भारत विश्व गुरु है। भारत ने योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई और योग के जरिए सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा दिया। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग लाभकारी है। यह शरीर को रोगमुक्त रखता है और मन को शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति से जुड़ी ये क्रिया अब विदेशों तक फैल चुकी है। हर साल अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है और इस दौरान दुनियाभर के लोग सामूहिक रूप से योगाभ्यास करते हैं। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है।

यह दिन उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लम्बा दिन होता है और योग भी मनुष्य को दीर्घायु बनाता है। 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र के 177 सदस्यों द्वारा 21 जून को 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' को मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। कार्यक्रम में जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने भी जनप्रतिनिधियों के साथ योग किया।

अफसरों के अनुसार योग सप्ताह 15 से 21 जून तक चलेगा। हर दिन अलग- अलग स्थलों पर योग और विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक/यूनानी अधिकारी डॉ. सरोज शंकर राम के अनुसार योग प्रशिक्षक अभय यादव, रक्षा कौर, मनीष पांडे ने सभी को योग प्रोटोकॉल कराया, योग के फायदे बताएं व योग प्रोटोकॉल का संचालन डॉ. दीपिका दवे ने किया।

योग कार्यक्रम में सहयोगी संस्था गोवर्धन पीठ के समस्त प्रभारी व सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 597 लोगों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन पारस यादव ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/दिलीप

   

सम्बंधित खबर