गुरुग्राम: ओडिशा की धरती से भगवान जगन्नाथ की अलौकिकता पूरी दुनिया में फैली: नवीन गोयल

-ओडिशा के भाइयों की उम्मीदों और जरुरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध

-ओडिशा के छठे रज महोत्सव एवं राष्ट्रीय लोक नृत्य महोत्सव में कही यह बात

गुरुग्राम, 17 जून (हि.स.)। कलिंगा भारती फाउंडेशन के बैनर तले छठा रज महोत्सव एवं राष्ट्रीय लोक नृत्य महोत्सव धूमधाम एवं भव्यता से मनाया गया। कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-4 में आयोजित इस महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा, हरियाणा के प्रमुख नवीन गोयल ने शिरकत की। इस दौरान ओडिशा के लोगों ने उनका उत्साहित होकर भव्य स्वागत किया। साथ ही, ओडिशा के लोगों के हित में सदा खड़े रहने के लिए उनका आभार जताया।

कार्यक्रम की शुभारंभ करते हुए नवीन गोयल ने कहा कि ओडिशा की अनुपम सांस्कृतिक विरासत पर हमें गर्व है। धर्म और कर्म के मिश्रण वाली ओडिशी संस्कृति अपने आप में अनुपम है। वहां का हर व्यक्ति जितनी आस्था धर्म में रखता है, उतनी ही, आस्था से कर्म भी करता है। ओडिशी लोगों की धार्मिक प्रवृति हर किसी को अपना बना लेती है। मृदुभाषी होने के साथ-साथ ओडिशा के लोग हर काम में निपुण होते हुए समाज को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। एक पलम्बर से लेकर बड़ी कंपनियों के सीईओ के रूप में ओडिशी लोगों की हरियाणा में अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि खासकर गुरुग्राम में तो ओडिशा के लोग अपने कार्यों के साथ-साथ समाज की सेवा में भी जुटे रहते हैं। ओडिशा के भाइयों की उम्मीदों और जरुरतों को पूरा करने के लिए हम भी प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि ओडिशी लोगों ने देश को विकसित बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गुरुग्राम के विकास में भी ओडिशा वासियों की अहम भूिमका है। ऐसे में गुरुग्राम में ओडिशी लोगों के साथ हमें तालमेल बिठाते हुए उनके त्योहारों, ओडिशा के स्थापना दिवस को भी हम मनाते हैं। ओडिशा की धरती से भगवान जगन्नाथ की अलौकिकता पूरी दुनिया में फैली है। कलिंगा भारती फाउंडेशन के प्रधान अक्षय कुमार सामल व उनकी टीम को इस भव्य कार्यक्रम की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कलिंग भारती फाउंडेशन की ओर से प्रमुख सदस्य संजय दास, सुधांशु पाढ़ी, सलिल दाश, संतोष राउत, अनिल जेना, रबी नारायण साहू, निरंजन त्रिपाठी, संग्राम पाणिग्रही, जजाति पाल, बिष्णुप्रिया साहू, तनुश्री परिदा, जयश्री दाश, मोनालिशा पाढ़ी, निरुपमा पाल, श्रीमंत बिस्वाल, देवप्रिय, देबाशीष, निरज साहू समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर