भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए तेजी से जुटना होगा: विजय बहादुर पाठक

-इलाहाबाद लोकसभा 52 यमुनापार के विधानसभाओं की योजनात्मक बैठक संग हुईं चुनाव की समीक्षा

प्रयागराज, 17 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इलाहाबाद लोकसभा 52 के हार की समीक्षात्मक बैठक सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय सिविल लाइंस में विधानसभा वार आयोजित हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा विधानपरिषद सदस्य उत्तर प्रदेश विजय बहादुर पाठक ने कहा कि हार या जीत दो में एक निश्चित है। हार हुई है तो कारण भी होंगे।

प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने आगे कहा कि लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता हैं तो जीवन में हार-जीत लगा रहता है। हार से निराश होकर भाजपा का कार्यकर्ता शिथिलता नहीं बरतता, बल्कि और तेज़ी के साथ कमियों में सुधार करते हुए आगामी कार्यक्रमों की सफलता हेतु जुट जाता है।

इलाहाबाद लोकसभा 52 के हार की समीक्षात्मक बैठक और आगामी कार्यक्रमों की योजनात्मक बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह आलोचना नहीं विवेचना है। हमें विगत कमियों में सुधार कर आगे बढ़ते हुए 21 जून को योगा दिवस, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस, आपातकाल पर संगोष्ठी एवं मीसाबंदियों के सम्मान आदि के कार्यक्रमों की सफलता के साथ करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ता आमजन की भागीदारी संग अपने मां के नाम से पौधरोपण करने का आह्वान भी किया।

बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ देवेन्दर शर्मा ने कहा कार्यकर्ता न तो झुकता है, न ही रूकता है। चुनाव हमारा कार्यकर्ता लड़ता है और जीतता है, इस बार नहीं तो आगे फिर जीतेंगे। राज्य और केंद्र में योगी-मोदी सरकारें कार्यकर्ताओं के मेहनत का परिणाम है। जो आमजन के लिए मोदी योगी सरकारें निरंतर जनकल्याणकारी योजनाओं पर कार्य कर रही हैं।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि समीक्षात्मक बैठक के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने एक-एक कर व्यक्तिगत सुझाव प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक को सौंपे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष यमुनापार विनोद प्रजापति ने करते हुए आगामी सभी कार्यक्रमों की सफलता की योजना बनाते हुए सभी का आभार जताया। बैठक में मंचस्थ लोकसभा प्रभारी मनोज जायसवाल, लोकसभा संयोजक शिवदत्त पटेल और संचालन जिला महामंत्री राजेश शुक्ला ने किया।

दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि 21 जून को मंडल स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस, 23 जून को डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, 25 जून को आपात काल पर संगोष्ठी, 30 जून को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “मन की बात“ के साथ 23 जून से 6 अगस्त डॉ श्यामा प्रसाद के जन्म जयतीं संग से पौधरोपण अभियान चलेगा। बैठक में बारा, करछना, मेजा, कोरांव विधानसभा के सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, विधानसभा प्रभारी, विधानसभा संयोजक, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्रियों ने भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/आकाश

   

सम्बंधित खबर