प्रधानमंत्री से मिले मप्र के मुख्यमंत्री, केन-बेतवा परियोजना के भूमिपूजन का किया अनुरोध

भोपाल, 20 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की और उन्हें तीसरे कार्यकाल की बधाई देकर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से केन-बेतवा परियोजना के भूमि पूजन करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गठित नई केंद्र सरकार पूर्व की भांति मध्यप्रदेश के विकास और उन्नति के लिए सहयोग देती रहेगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में चल रही दो प्रमुख नदी-जोड़ो परियोजनाओं, केन-बेतवा परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना की वर्तमान जानकारी से अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केन-बेतवा परियोजना भूमिपूजन के लिए तैयार है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से केन-बेतवा परियोजना के भूमिपूजन के लिए समय प्रदान करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जल-गंगा अभियान से प्रदेश के कुएं, बावड़ियां, नदियां, तालाब, पोखर, झील इत्यादि जल संरचनाओं पर ध्यान केंद्रित कर जनजागृति का वृहद स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश की जनता का इस अभियान के प्रति उत्साह देखकर इस अभियान की समय-सीमा को 30 जून तक बढ़ाया गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश में चल रहे सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के नेतृत्व में डिंडोरी जिले में विश्व सिकल सेल दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार रक्त विकार की इस गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही जनजागरुकता से मरीजों के सदैव सहयोग के लिये भी दृढ़ संकल्पित है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/सुनील

   

सम्बंधित खबर