हिसार: सरकारी स्कूलों में 28 हजार शिक्षकों की कमी: उमेश शर्मा

सरकार की खराब शिक्षा व्यवस्था से बच्चों का भविष्य खतरे में

एचएयू झुग्गी बस्ती में आम आदमी पार्टी की तीसरी महिला पंचायत का आयोजन

हिसार, 20 जून (हि.स.)। गुरुवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा के नेतृत्व में तीसरी महिला पंचायत का नलवा विधानसभा में आने वाली एचएयू की झुग्गियों में आयोजित की गई। इसमें क्षेत्रवासियों को हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था से अवगत करवाया गया।

उमेश ने गुरुवार को आयोजित इस महिला पंचायत में कहा कि हरियाणा की बर्बाद शिक्षा के खिलाफ हर उस मां को खड़ा होना होगा, जिसके बच्चों को इस व्यवस्था ने बर्बाद कर दिया। वर्तमान में हरियाणा के सरकारी स्कूलों में 28 हजार अध्यापकों की कमी है। पर्याप्त क्लर्क नहीं हैं। चौकीदार नहीं हैं। 538 स्कूलों में शौचालय नहीं हैं, अगर सरकार सुविधाएं नहीं देगी तो बच्चे कैसे पढ़ेंगे। सरकार की खराब शिक्षा व्यवस्था के चलते प्रदेश के बच्चों का भविष्य संकट में है। वहां पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि उनके बच्चे छठी क्लास में हैं पर उन्हें एबीसीडी भी नहीं आती। एक महिला ने कहा कि वो मजदूरी करती है उसके सिर के बाल तक उड़ गए उसने सोचा था शहर में बच्चे पढ़ जाएंगे पर उसकी पूरी तपस्या बर्बाद हो गयी क्योंकि उसका बेटा नवमी में फैल होकर घर बैठा है।

उमेश ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले वहां की शिक्षा के हालत भी ऐसे ही थे, पर अरविंद केजरीवाल की सरकार ने स्कूलों का कायाकल्प कर दिया। आज दिल्ली में गरीब के बच्चे भी आईआईटी ओर नीट की परीक्षा पास कर रहे हैं। इस पंचायत में सभी महिलाओं ने बर्बाद शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर शपथ ली कि अबकी बार हमारा वोट जात-पात या धर्म के नाम पर नहीं बल्कि अपने बच्चों की शिक्षा व उनके सुनहरे भविष्य के नाम पर होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव

   

सम्बंधित खबर