किसानों के प्रति संवेदनशील है एनडीए सरकार: भाजपा

- 14फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्यवृद्धि का प्रदेश भाजपा ने किया स्वागत

गुवाहाटी, 20 जून (हि.स.)। प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई ने किसानों की 14 फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि करने पर नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली केन्द्र की एनडीए सरकार को धन्यवाद दिया है। इस मूल्य वृद्धि से असम के भी लाखों किसानों के चेहरे पर मुस्कान आई है।

गुरुवार को प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता सुभाष दत्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य वृद्धि से लाभान्वित होने वाले किसान इस योजना से सहायता प्राप्त करके आर्थिक रूप से लाभान्वित हो सकेंगे और देश के घरेलू उत्पादन के विकास में अधिक योगदान दे सकेंगे। उन्होंने कहा है कि देश के आर्थिक आधार को मजबूत करने में इस योजना का प्रत्यक्ष योगदान बहुत बड़ा है। प्रवक्ता ने कहा कि असम के कृषि उत्पादन में वृद्धि और कृषि उत्पादों के निर्यात में वृद्धि के माध्यम से असम के किसान आने वाले समय में एक रिकॉर्ड स्थापित करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य के कृषि क्षेत्र की अपेक्षित वृद्धि को असम के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव की रूपरेखा बताते हुए प्रवक्ता सुभाष दत्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री की कैबिनेट में 14 फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि करके कृषक समुदाय के प्रति जो सम्मान और ईमानदारी दिखाया है, वह आदरणीय है। धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 117 रुपये की वृद्धि से विशेष रूप से असम के किसानों को लाभ होगा।

एक अन्य फैसले में प्रधानमंत्री मोदी की कैबिनेट ने महाराष्ट्र में 76,200 करोड़ रुपये की लागत से एक नए बंदरगाह के निर्माण के अलावा बंदरगाहों और जल परिवहन के विकास के लिए जो कदम उठाए हैं, वह स्वागत योग्य है। प्रवक्ता ने कहा कि देश के बंदरगाह जहाजरानी और जल परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के नेतृत्व में देश के कई बंदरगाहों में विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ है। प्रवक्ता ने जल परिवहन क्षेत्र में 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश जैसे मजबूत निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद/सुनील

   

सम्बंधित खबर