अवैध संबंध के चलते हुई थी महिला की हत्या, दो हत्यारोपी गिरफ्तार

फिरोजाबाद, 21 जून (हि.स.)। टूंडला थाना पुलिस ने गुरुवार की देररात्रि में महिला की हत्या कर शव छिपाने के मामले में दो हत्यारोपितो को आलाकत्ल सहित गिरफ्तार किया। महिला की हत्या अवैध सम्बन्ध व ब्लैक मेल करने के चलते की गयी थी। पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर हत्यारोपितों को जेल भेजा है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 12 जून की सुबह सात बजे थाना टूण्डला के चौकी लाइनपार में ग्राम नगला सोना अनवारा मरघटी रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला था। इस मामले में हत्या कर शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। मृत महिला की शिनाख्त आगरा जनपद की रहने वाली गुलफ्शा के रूप में हुई थी।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में हत्या कारित करने वाले दो व्यक्ति मृतक महिला के साथ देखे गये। जिनकी पहचान अभिषेक ठाकुर पुत्र अरविन्द सिंह निवासी जलूखेड़ा थाना सकरौली जनपद एटा हाल निवासी विरजू का किराये का मकान मोहल्ला शोभा नगर थाना एत्माददौला आगरा व दीपक चौधरी पुत्र रविन्द्र सिंह निवासी एटा रोड राधा नगर कालोनी कस्बा व थाना टूण्डला के रूप में हुई। थाना प्रभारी टूंडला अनुज कुमार ने पुलिस टीम के साथ दोनों हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी ने बताया कि अभियुक्त अभिषेक ठाकुर ने पूछताछ पर बताया कि मेरी दोस्ती गुलफ्शा से थी। वर्ष 2021 में गुलफ्शा को लेकर भाग गया था। उसके बाद लड़की के परिजनों ने उसकी ग्वालियर शादी कर दी। फरवरी 2024 में गुलफ्शा से इंस्टाग्राम पर फिर मुलाकात हुई और हमारी बात होने लगी। 20 अप्रैल को गुल्फसा आगरा आई, जहां हम लोग आगरा में किराये पर कमरा लेकर रहने लगे। इस दौरान गुल्फसा गर्भवती हो गई और उसने बच्चे को जन्म देने की बात कही। जिसे लेकर हम दोनों का झगड़ा हुआ। गुल्फ्सा ने मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद 11 जून को टूंडला लाकर मैंने योजनाबद्ध तरीके से अपने दोस्त दीपक के साथ मिलकर गुलफ्शा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद गर्दन पर चाकू से हमला किया। शव को अनवारा मरघटी रेलवे लाइन के पास फेंककर फरार हो गया था। पुलिस ने दोनों हत्यारोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/सियाराम

   

सम्बंधित खबर