वन मंत्री ने बस्तर विकासखंड में 10 करोड़ के 12 विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

जगदलपुर, 21 जून (हि.स.)। वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत मांदलापाल, सिवनी एवं सोनारपाल में विधायक निधि सहित अन्य मद से स्वीकृत विकास कार्यों में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान केदार कश्यप ने कहा कि प्रदेश में नई सरकार के गठन के उपरांत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार सांय-सांय काम कर रही है। सरकार 3100 रूपये में क्विंटल दर से धान खरीदी कर रही है, तेंदूपत्ता 5500 रुपये मानक बोरा में खरीदी रही और बोनस अलग से दिया जा रहा है। इसके अलावा महतारी वंदन योजना का लाभ माताओं बहनों को मिल रहा है।सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी को लाभ मिल रहा है।

वन मंत्री कश्यप ने शुक्रवार को मांदलापाल में 03 पुलिया निर्माण, सामुदायिक भवन, रंगमंच निर्माण और कोदई मातागुड़ी निर्माण हेतु लगभग 31 लाख 50 हजार रूपए राशि के विकास कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके उपरांत ग्राम सिवनी में 07 करोड़ 62 लाख 21 हजार रुपये की लागत से एनीकट तटरक्षक निर्माण, मातागुड़ी रोड़ में पुल निर्माण व रंगमंच निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही सोनारपाल में 03 करोड़ 04 लाख 07 हजार रुपये की लागत से पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण, सामुदायिक भवन एवं पुलिया निर्माण का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम मेें अतिथियों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं के अन्तर्गत सामग्रियों का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप और अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि सहित जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे, डीएफओ उत्तम गुप्ता एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे/ केशव

   

सम्बंधित खबर