आतिशी के सत्याग्रह पर भाजपा ने उठाए सवाल

नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच पिछले कुछ दिनों से जारी पानी संकट के मुद्दे पर जल मंत्री आतिशी की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी है। आतिशी के इस सत्याग्रह पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं।

दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने धरना स्थल का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर दावा किया है कि आतिशी का अनशन सिर्फ दिखावा है। रात 11 बजे से सुबह साढ़े 10 तक मंच पर एक भी शख्स नहीं दिखा। कपूर का कहना है कि दिल्ली सरकार अपनी नाकामियों को छिपा रही है।

उनका कहना है, मैंने कई विरोध प्रदर्शन और सत्याग्रह देखे हैं, लेकिन आज जो सत्याग्रह हम देख रहे हैं, वह अजीब है। मजेदार बात यह है कि रात 11 बजे आतिशी के साथ सत्याग्रही प्रदर्शन स्थल से गायब हो गए और सुबह 10:30 बजे तक वहां कोई नहीं था। यह कैसा सत्याग्रह है? उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल ने भी रामलीला मैदान पर सत्याग्रह किया था, वह मंच से गायब नहीं होते थे। लेकिन यह कैसा सत्याग्रह है? कैसा झूठ है और किसके साथ धोखा किया जा रहा है?

हिन्दुस्थान समाचार/ अश्वनी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर