मेला अस्पताल में एमआरआई के लिए भर्ती मरीज ने छत से कूदकर की आत्महत्या

हरिद्वार, 25 जून (हि.स.)। एक दिन पहले हॉस्पिटल में भर्ती हुए मरीज ने छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। मामला संज्ञान में आने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि युवक के घर में कुछ तनाव चल रहा था। इसी कारण उसे अक्सर सिरदर्द रहता था। सिरदर्द से परेशान होकर ही वो एमआरआई कराने के लिए भर्ती हुआ था। इसी दौरान उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।

पुलिस के अनुसार बिल्वकेश्वर वाल्मीकि बस्ती निवासी तरुण (24) को मेला अस्पताल में एमआरआई के लिए सोमवार को भर्ती कराया गया था। तरुण ने मंगलवार को अस्पताल की छत से छलांग लगा दी। चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हरिद्वार सीएमओ मनीष दत्त ने बताया की मामला संज्ञान में आया है। अभी मामले की जांच चल रही है। इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।

एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि हरिद्वार के मेला अस्पताल में एक मरीज के छत से कूद जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। तरुण के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर