4,029 अमरनाथ तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था जम्मू से कश्मीर घाटी के लिए रवाना

जम्मू, 29 जून (हि.स.)। अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों का दूसरा जत्था शनिवार सुबह जम्मू से सुरक्षा काफिले में घाटी के लिए रवाना हुआ। 4,029 यात्रियों का दूसरा जत्था 200 वाहनों के दो सुरक्षा काफिले में जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ।

आज रवाना हुए 4,029 यात्रियों में से 1,850 यात्री सुबह 4 बजे 104 वाहनों में सवार होकर बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए और 2,179 यात्री सुबह 4.30 बजे 96 वाहनों में सवार होकर नुनवान (पहलगाम) आधार शिविर के लिए रवाना हुए। दोनों काफिलों को सुरक्षा बलों द्वारा सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

इस वर्ष की यात्रा के दौरान 7,000 से अधिक सेवादार (स्वयंसेवक) तीर्थयात्रियों की सेवा कर रहे हैं। यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने 3 जुलाई से अतिरिक्त ट्रेनें जोड़ने का फैसला किया है। दोनों मार्गों पर तीर्थयात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/बलवान

   

सम्बंधित खबर