भाजपा नेत्री पर हमले के पांच दिनों बाद पुलिस ने दर्ज किया पीड़िता का बयान

कूचबिहार, 30 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता पर हमले के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) द्वारा संज्ञान लेने के बाद पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद पीड़िता का बयान दर्ज किया है।

सूत्रों के अनुसार, शनिवार को भाजपा विधायक अग्निमित्रा पाल के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़िता के घर कूचबिहार गया था। जिसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा दबाव दिया गया जिसके बाद पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया। रविवार सुबह जिला भाजपा नेता विराज बसु और दीपा चक्रवर्ती पीड़िता को महिला थाने ले गए। जहां महिला पुलिस अधिकारियों ने उनका बयान दर्ज किया। इसके बाद पीड़िता भाजपा पार्टी कार्यालय गई।

इस घटना के बारे में भाजपा के कूचबिहार जिला सचिव विराज बसु ने कहा कि पांच दिनों से पुलिस तृणमूल की दास बनकर सो रही थी। जब राष्ट्रीय महिला आयोग पहुंची तो वे हरकत में आई। अगर पुलिस ने अब भी कार्रवाई नहीं की तो हम कोर्ट जाएंगे। पुलिस ने दिखावे के लिए पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है। लेकिन पुलिस अब भी तृणमूल को बचाने की कोशिश कर रही है।

उल्लेखनीय है कि 25 जून को काम से लौटते समय, कुछ महिला तृणमूल कार्यकर्ताओं ने 'मुस्लिम महिला के भाजपा में शामिल होने के कारण बाल पकड़कर एक किलोमीटर तक सड़क पर घुमाया। इसके बाद महिला को निर्वस्त्र कर पीटा गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

   

सम्बंधित खबर