सरकार घुमन्तु परिवारों के उत्थान, विकास, शिक्षा, आवास एवं रोजगार को लेकर कृत संकल्पित : शिक्षा मंत्री

जालोर, 30 जून (हि.स.)। शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग मंत्री मदन दिलावर रविवार को एक दिवसीय दौरे पर जालोर पर पहुंचे जहां उन्होंने घुमन्तु जाति के परिवारों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में भाग लिया।

जालोर शहर में स्थित चामुण्डा गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि विशेष अभियान चलाकर भूमि एवं आवास रहित घुमन्तु जाति के परिवारों का चिन्हीकरण किया जाकर उन्हें आवासीय भूखण्ड पट्टा आवंटित किया जायेगा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घुमन्तु परिवारों को मकान निर्माण की राशि का लाभ दिलाने के लिए केन्द्र सरकार के स्तर पर स्वीकृति दिलाने के लिए प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घुमन्तु परिवारों के उत्थान, विकास, शिक्षा, आवास एवं रोजगार को लेकर कृत संकल्पित है। संवाद कार्यक्रम में आए घुमन्तु परिवारों के सदस्यों से खुला संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनी तथा उनकी समस्याओं के सामाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए घुमन्तु जाति के परिवारों को शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया। आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित व जिला कलक्टर पूजा पार्थ ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए घुमन्तु परिवारों की समस्याओं के समाधान करवाने की बात कही। कार्यक्रम में विक्रमसिंह तारतरा, प्रहलाद गर्ग व बाबुलाल आलासन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संचालन ललित ठाकुर ने किया। इस अवसर पर जिला प्रमुख राजेश कुमार, श्रवण सिंह राव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जवाहर चौधरी, सुरेश सोलंकी, धर्मेन्द्र सिंह, कानाराम परमार, गोपाल जोशी, नन्दकिशोर, संजीव कुमार, जगदीश सोनी, ताउराम, किस्तुराराम, तिकमाराम सहित बड़ी संख्या में घुमन्तु परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर