भाजपा सरकार में वर्ष में तीन बार चलता है संचारी रोग अभियान : ब्रजेश पाठक

कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में 2017 में जबसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है तब से मच्छर जनित व वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाता है। यह अभियान वर्ष में तीन बार चलाया जाता है, जिसमें 13 विभागों के समन्वय से साफ-सफाई के साथ घर-घर दस्तक देकर लोगों से वार्ता कर उनको जागरूक किया जाता है। सरकार उत्तर प्रदेश को निरोगी बनाने का संकल्प है और लोगों से भी सहयोग अपेक्षित है, क्योंकि जनसहभागिता के बिना कोई कार्यक्रम सफल नहीं हो सकता है। यह बातें सोमवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही।

काशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रामा सेन्टर में संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा इनके त्वरित एवं सही उपचार दिए जाने की कार्यवाही के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान तथा स्टाफ डायरिया अभियान कार्यक्रम का उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दीप प्रज्जवलन कर शुभारम्भ किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण दिन है। आज से विशेष संचारी रोग व दस्तक अभियान का शुभारम्भ हो रहा है, यह अभियान वर्ष में 03 बार चलाया जाता है। उन्होंने लोगों को शपथ दिलाई कि हम शपथ लेते हैं कि हम व्यक्तिगत साफ-सफाई का ध्यान रखेंगे। अपने घर तथा मोहल्ले के आस-पास साफ-सफाई रखेंगे।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव रंजन कुमार ने कहा कि इस अभियान से विगत वर्षो में काफी फायदा भी मिला है। उन्होंने कहा कि वेक्टर जनित रोगों, संचारी रोगों तथा दिमाकी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण तथा इनका त्वरित एवं सही उपचार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि इस अभियान में मुख्य रूप से साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाता है, घर के आस-पास कूडा करकट या गन्दगी का ढेर न लगा हो कहीं पर जलभराव न हो इसके लिये विभागों के बीच में समन्वय स्थापित कराकर कार्य कराया जाता है।

इस अवसर पर संचारी रोग नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य विभाग के कार्मिकों को सम्मानित भी किया गया, जिसमें अमित कुमार मलेरिया निरीक्षक, नम्रता आर्या प्रयोगशाला प्राविधिज्ञ, सीताराम चौधरी आई.बी.एम. कार्डिनेटर, अम्बरीश कुमार बी.सी.पी.एम., प्रशून द्विवेदी रीजनल कोआर्डिनेटर सी-फार शामिल है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर