मंदिरों में तोडफ़ोड़ और गाय माता पर अत्याचार के विरोध में मूवमेंट कल्कि ने किया प्रदर्शन

जम्मू। स्टेट समाचार
सोमवार दोपहर महाराजा हरि सिंह स्टैचू के पास मूवमेंट कल्कि के सदस्यों ने रियासी के शिव मंदिर में हुई तोडफ़ोड़ और गाय माता पर अत्याचार के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान, मूवमेंट कल्कि के सदस्यों ने इन घटनाओं पर गहरा रोष व्यक्त किया और सरकार से सख्त कानून बनाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा, ‘‘जिस तरह से नशा तस्करों पर कठोर कार्रवाई होती है, उनकी संपत्ति जब्त होती है और उन्हें गिरफ्तार किया जाता है, उसी तरह से गाय माता पर अत्याचार करने वालों के लिए भी कड़े प्रावधान होने चाहिए।’’ उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान कानूनों में इस तरह के अपराधों के लिए पर्याप्त दंड का प्रावधान नहीं है, जो अपराधियों को हतोत्साहित करने में असमर्थ है। मूवमेंट कल्कि के सदस्यों ने गाय माता के साथ अत्याचार करने वालों को फांसी देने की मांग करते हुए जोरदार नारे लगाए। उनका कहना था कि गाय माता की सुरक्षा के लिए एक विशेष कानून की आवश्यकता है, जो इन अपराधों को रोकने में प्रभावी हो। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द सख्त कानून बनाया जाए। इसके साथ ही, मूवमेंट कल्कि के सदस्यों ने हाल ही में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब ये कानून लागू किए जा सकते हैं, तो गाय माता की सुरक्षा के लिए विशेष कानून क्यों नहीं बनाया गया? उन्होंने सरकार से पूछा, गाय माता के संरक्षण के लिए कानून बनाने में इतनी देरी क्यों हो रही है? प्रदर्शन में मुख्य रूप से शामिल होने वालों में ठाकुर अर्जुन सिंह, सनी कांत चिब, प्रीतम शर्मा, संजीव दुबे, अशुतोष राजकुमार, अजय सिंह सैनी, सतपाल हिंदू, रविंदर खजूरिया, अमिताचर्य, नीतू सिंह, राम कृष्ण शर्मा आदि शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान, कई स्थानीय नागरिकों और धार्मिक संगठनों ने भी मूवमेंट कल्कि का समर्थन किया।

   

सम्बंधित खबर